लोलेसरा बना देशभर के कबीर पंथियों का आस्था केंद्र - भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी

लोलेसरा बना देशभर के कबीर पंथियों का आस्था केंद्र - भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी 

लोलेसरा में चार दिवसीय संत समागम एवं मेले का भव्य शुभारंभ, कबीर के संदेश से गूंजा नगर  

भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी समर्थकों के साथ शोभायात्रा में हुए शामिल
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 21 दिसम्बर 2025 - बेमेतरा जिले के ग्राम लोलेसरा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 21 से 24 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय संत समागम एवं मेला का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और आस्था के वातावरण में हुआ। इस पावन अवसर पर कबीर पंथ के अनेक संत, महात्मा एवं देश के विभिन्न कोनों से आए हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। 
        संत समागम में पंथ श्री हुजुर प्रकाशमुनि नाम साहेब, गुरु वंशाचार्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहेब, गुरुगोसाई डॉ. भानुप्रताप साहेब सहित अनेक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। 
आस्था की निकाली गई भव्य शोभायात्रा 
संत समागम के प्रथम दिवस कोबियां चौक से लोलेसरा तक एक विशाल एवं भव्य आस्था शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में संत-महात्मा, कबीर पंथ के अनुयायी, महिला-पुरुष, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। 
      बेमेतरा नगर “सत्यनाम” और “साहेब बंदगी साहेब” के जयघोष से गूंज उठा। जब यह शोभायात्रा बेमेतरा के नया बस स्टैंड पहुँची, तब भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने अपने साथियों के साथ आतिशबाजी, पुष्पवर्षा एवं फूल-मालाओं से गुरु गोसाई एवं सभी संतों का आत्मीय स्वागत किया।  
लोलेसरा बना देशभर के कबीर पंथियों का आस्था केंद्र - भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी 
इस अवसर पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा “लोलेसरा का संत समागम केवल बेमेतरा या छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के कबीर पंथियों के लिए एक बड़ा आस्था केंद्र बन चुका है। हर वर्ष देश के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालु यहाँ आकर कबीर पंथ के संतों के सानिध्य में सत्संग का लाभ लेते हैं।” 
      उन्होंने आगे कहा “कबीर पंथ के गुरु हुजुर श्री प्रकाशमुनि नाम साहेब के सत्संग से लोग अपने जीवन को सत्य, सेवा, सरलता और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ाते हैं। यह हम सभी बेमेतरावासियों के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है कि ऐसा दिव्य आयोजन हमारे क्षेत्र में प्रतिवर्ष होता है।” 

कबीर के संदेश से समाज को नई दिशा 
संत समागम के दौरान संत कबीर साहेब के विचारों और वाणी का विशेष स्मरण किया गया। इस अवसर पर कबीर साहेब की प्रसिद्ध वाणी “बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय, जो दिल खोजा आपना, मुझसे बुरा न कोय” का संदेश श्रद्धालुओं को आत्ममंथन, प्रेम, सत्य और समानता की राह पर चलने की प्रेरणा देता रहा। 

सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना लोलेसरा 
चार दिवसीय संत समागम एवं मेला लोलेसरा न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह समाज में सद्भाव, समानता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान सत्संग, भजन, प्रवचन एवं सामाजिक संदेशों के माध्यम से मानवता और सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया जा रहा है। 

श्रद्धालुओं में उत्साह, पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण 
कार्यक्रम में बेमेतरा जिले सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुँचे हैं। पूरे लोलेसरा क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का माहौल बना हुआ है। यह संत समागम न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी सशक्त माध्यम बन रहा है। 
    लोलेसरा के इस आयोजन में पीयूष शर्मा, मनोज यदु , गोपाल यदु, कमलेश साहू, भारत मिश्रा, श्रवण साहू, रुद्र शर्मा, प्रियांशु सिंह, मनोज सिन्हा, यशवंत टंडन, शिवम दिवान, साहिल, तुषार राजपूत सहित अन्य लोग शामिल हुए।