पुलिस कॉलोनी बेमेतरा में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई गई गुरु घासीदास बाबा की 269 वीं जिला स्तरीय जयंती

पुलिस कॉलोनी बेमेतरा में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई गई गुरु घासीदास बाबा की 269 वीं जिला स्तरीय जयंती 

कलेक्टर, एसएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि समारोह में हुए शामिल 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 23 दिसंबर 2025 - रक्षित केंद्र बेमेतरा स्थित पुलिस कॉलोनी में दिनांक 22 दिसंबर 2025 को परम पूज्य संत शिरोमणी गुरु घासीदास बाबा की 269 वीं जिला स्तरीय जयंती समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। 
     कार्यक्रम में जिले की कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। 
वक्ताओं ने गुरु घासीदास बाबा के संदेशों को किया स्मरण 
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि परम पूज्य संत शिरोमणी गुरु घासीदास बाबा ने समाज को एकता, भाईचारा एवं समरसता का अमूल्य संदेश दिया। बाबाजी ने प्रेम, मानवता एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और समाज में नई चेतना का संचार किया। उन्होंने अपनी तपस्या से प्राप्त ज्ञान एवं शक्ति का उपयोग मानव कल्याण में करते हुए कर्म, नैतिकता और भाईचारे के मार्ग पर चलने की शिक्षा दी। “मनखे-मनखे एक समान” का उनका संदेश आज भी समाज को समानता और सद्भाव का मार्ग दिखाता है। 

धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह 
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पुलिस कॉलोनी बेमेतरा में जयंती समारोह को श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातःकाल चौका-मंगल आरती का आयोजन पंडित ढाल सिंह देशलहरे सेवती दुर्ग द्वारा किया गया। इसके पश्चात पंथी पार्टी मुड़िया (जिला मुंगेली), चारभांठा एवं लावातरा द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा। 

पुलिस परिवार ने उत्साहपूर्वक निभाई सहभागिता 
इस अवसर पर पुलिस परिवार के महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कार्यक्रम को सफल बनाया। समारोह में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, प्रभारी स्टेनो संतोष सोनवानी, उप निरीक्षक अलील चंद, द्वारिका प्रसाद देशलहरे, सउनि रेशमलाल भास्कर, गुहाराम वारे सहित बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य, महिलाएँ एवं बच्चे उपस्थित रहे। जिला स्तरीय इस आयोजन ने गुरु घासीदास बाबाजी के विचारों एवं संदेशों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे को और मजबूत किया।