बेमेतरा जिले में शीत ऋतु पर प्रशासनिक तैयारियाँ हुई तेज
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 25 नवंबर 2025 - आगामी शीत ऋतु में संभावित शीतलहर, अत्यधिक ठंड तथा मौसम संबंधी जोखिमों से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 17 नवंबर 2025 को जारी निर्देशों के अनुरूप जिले में सभी विभागों को आवश्यक सावधानियाँ अपनाने तथा जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली एवं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा शीतलहर से बचाव हेतु जारी दिशानिर्देशों का जिला, जनपद, नगर पालिका, तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि नागरिक समय रहते सावधान रहें और ठंड के प्रभाव से बच सकें।
जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त - किसी भी आपात स्थिति में करें संपर्क
जिला प्रशासन ने शीतलहर से संबंधित आपदा प्रबंधन के लिए सुश्री पिंकी मनहर डिप्टी कलेक्टर को जिला नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है। किसी भी आपात स्थिति, तापमान में अचानक गिरावट, शीतलहर के प्रभाव या राहत संबंधी जानकारी हेतु आम नागरिक उनके मोबाइल/व्हाट्सऐप नंबर 88175-94204 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता - जागरूकता पर विशेष जोर - जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निम्न निर्देशों के प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है अत्यधिक ठंड के दौरान घर से बाहर निकलने पर गर्म कपड़े पहनें। बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएँ, बच्चे एवं बीमार लोग विशेष सावधानी बरतें। खुले में आग जलाने से परहेज़ करें, सुरक्षित तरीकों से ही गर्माहट प्राप्त करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एसओपी का पालन सुनिश्चित करें। आश्रयहीन एवं जरूरतमंद लोगों हेतु रैन बसेरों की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।
शीत ऋतु के दौरान संभावित आपदा जोखिमों को देखते हुए प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों को तैयार रखने में जुटा है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट का पालन करें और किसी भी आपात परिस्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।