जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के एक बार फिर से अध्यक्ष बने आशीष छाबड़ा, कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 29 नवंबर 2025 - अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में बेमेतरा जिले के जिला अध्यक्ष पद पर एक बार फिर से पूर्व विधायक व तत्कालीन जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा को पुनः अध्यक्ष बनाया गया है।
ज्ञात हो कि जिला अध्यक्ष चुनाव के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से आब्जर्वर नियुक्त किए गए थे, जिन्होंने जिला अध्यक्ष बनने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन लिए थे तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मध्य ऑब्जर्वर द्वारा कार्यकर्ताओं की मनसा तथा इच्छा जानने का प्रयास किया गया था। बेमेतरा जिले में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष को लेकर प्रारंभ से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पहली पसंद युवा तुर्क पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ही रहे हैं।
आब्जर्वर के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेमेतरा जिले के लिए एक सर्वमान्य अध्यक्ष के रूप में आशीष छाबड़ा का नाम ही प्रस्तावित किया था। कांग्रेस आलाकमान ने भी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए फिर से एक बार बेमेतरा जिले के लिए आशीष छाबड़ा को जिलाध्यक्ष घोषित किया है।
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा को जिला अध्यक्ष बनाए जाने की खबर से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होने लगा और लगातार कार्यकर्ता पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के निवास में जाकर उन्हें बधाई देने व मिठाई खिलाने में लगे हुए हैं।
इस दौरान जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है उसे वह अपनी ओर से निभाने का पूरा प्रयास करेंगे, जिले में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक साथ लेकर चलेंगे तथा विश्वास दिलाते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेमेतरा जिले की तीन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी ही विजय प्राप्त करेंगे।
जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक श्री छाबड़ा को बधाई देने वालों में सुरेंद्र तिवारी, अवनीश राघव, मंगत साहू, प्रणीश चौबे, ललित विश्वकर्मा, सुमन गोस्वामी, रवि परगनिहा, मिथलेश वर्मा, हरिश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।