संविधान दिवस पर कलेक्टरेट परिसर में ली गई शपथ
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 नवंबर 2025 - संविधान दिवस के अवसर पर आज कलेक्टरेट परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा, देश की एकता अखंडता और कर्तव्य परायणता का शपथ ग्रहण किया। कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी प्रकाश भारद्वाज ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है, जो हमें समानता, न्याय और स्वतंत्रता के मूल्यों को जीवन में उतारने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री पिंकी मनहर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने संविधान दिवस को देश के प्रत्येक नागरिक और सरकारी सेवक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शपथ का वास्तविक उद्देश्य कर्तव्यों के प्रति निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना है।
कलेक्टरेट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, कर्मचारी, महिला कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर संविधान के मूल आदर्शों का पालन करने और प्रदेश एवं देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। संविधान दिवस के इस अवसर पर प्रशासनिक वातावरण पूरी तरह से राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी के भाव से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया।