जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने सीएम साय से सहगांव उद्वहन सिंचाई योजना और बेरलाकला में पुल निर्माण की मंजूरी के लिए लगाई गुहार

जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने सीएम साय से सहगांव उद्वहन सिंचाई योजना और बेरलाकला में पुल निर्माण की मंजूरी के लिए लगाई गुहार 

बेरलाकला एनिकेट में पुल-पुलिया निर्माण और 274.94 करोड़ की लागत से सहगांव उद्वहन सिंचाई सिंचाई परियोजना से किसान व आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए लगातार प्रयत्नशील रहने वाली जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बेमेतरा जिले के ग्रामीण विकास एवं किसानों की जीवनरेखा से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से ग्राम बेरलाकला एनिकेट में बड़ा पुल-पुलिया निर्माण कार्य की स्वीकृति तथा 274.94 करोड़ रुपये की लागत से सहगांव उद्वहन सिंचाई योजना को मंजूरी प्रदान करने का आग्रह किया है।
    श्रीमती तिवारी ने मुख्यमंत्री को सौंपे निवेदन में बताया कि बेरला ब्लॉक के ग्राम बेरलाकला एनिकेट में वर्तमान में एक छोटा एनिकट डेम बना हुआ है। बरसात के मौसम में जब जलस्तर बढ़ता है, तो डेम के ऊपर से पानी बहने लगता है, जिससे लगभग 30 से 35 गांवों के हजारों ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन मरीजों को रायपुर या अन्य शहरों तक पहुँचने में भारी कठिनाइयाँ झेलनी पड़ती हैं।
       उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल जन जीवन को प्रभावित करती है, बल्कि जान-माल की हानि की संभावना भी उत्पन्न करती है। ग्रामीणों की लंबे समय से यह मांग रही है कि एनिकेट के ऊपर एक बड़ा पुल-पुलिया बनाया जाए, जिससे आवागमन सुचारू रूप से हो सके और ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों, शिक्षा, रोजगार और उपचार के लिए सुरक्षित मार्ग मिल सके। श्रीमती तिवारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण जनहितैषी परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने सिंचाई संकट से जूझ रहे किसानों की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुर्ग ग्रामीण एवं बेरला ब्लॉक क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से अल्पवर्षा और घटते जलस्तर के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और कृषि उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
        उन्होंने बताया कि इस स्थिति से निपटने के लिए सहगांव उद्वहन सिंचाई योजना तैयार की गई है, जिसके तहत तांदुला पानी लिफ्ट एरिगेशन नहर के माध्यम से पानी उठाकर लगभग 10.670 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना से बेरला ब्लॉक के लगभग 30-35 गांव और दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के 20-25 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। 
         इस परियोजना की अनुमानित लागत 274.94 करोड़ रुपये है। श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस परियोजना को शीघ्र अनुमोदन एवं राशि स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई जल की सुविधा उपलब्ध हो सके और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो।
      उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाएं क्षेत्र के ग्रामीण विकास, कृषि सशक्तिकरण और जनकल्याण की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक हैं। इन योजनाओं के स्वीकृत होने से न केवल किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। 
      श्रीमती तिवारी ने आशा व्यक्त की है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय किसानों और ग्रामीण जनता की भावनाओं को समझते हुए इन जनहितकारी योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करेंगे।