शासकीय आईटीआई संस्थाओं में प्रवेश हेतु 21 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

शासकीय आईटीआई संस्थाओं में प्रवेश हेतु 21 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित 

प्रशिक्षण संस्था बेरला, नवागढ़, मारो एवं परपोडी में विभिन्न व्यवसायों की रिक्त सीटों पर प्रवेश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 18 सितंबर 2025 - छत्तीसगढ़ शासन कौशल विकास विभाग के अंतर्गत संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण रायपुर द्वारा जिले की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बेमेतरा जिला नोडल के अंतर्गत आने वाले चार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बेरला, नवागढ़, मारो एवं परपोडी में सत्र 2025-26 एवं 2025-27 हेतु विभिन्न व्यवसायों की रिक्त सीटों पर प्रवेश किया जाएगा। इनमें विद्युतकार, कम्प्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मैकेनिक डीजल, फिटर, वेल्डर एवं स्वींग टेक्नोलॉजी जैसे ट्रेड शामिल हैं। 
      ऑनलाइन पंजीयन हेतु इच्छुक आवेदक 17 सितंबर से 21 सितंबर 2025 तक संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण की वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर उपलब्ध ऑनलाइन एप्लीकेशन 2025 लिंक पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पूर्व आवेदकों को वेबसाइट पर उपलब्ध प्रशिक्षण विवरणिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन करना आवश्यक है, जिसमें प्रवेश हेतु शासकीय आईटीआई का नाम, व्यवसायवार सीटों की संख्या एवं शैक्षणिक योग्यता की संपूर्ण जानकारी दी गई है। प्रवेश के लिए आवेदक की आयु 01 अगस्त 2025 को न्यूनतम 14 वर्ष होनी चाहिए। प्रवेश हेतु उच्चतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने पर चयनित आवेदकों को SMS के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी, अतः आवेदक अपने सही एवं सक्रिय मोबाइल नंबर का उल्लेख अनिवार्य रूप से करें।