खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान उपार्जन हेतु खसरा सत्यापन अधिकारियों का प्रशिक्षण 22 सितम्बर को

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान उपार्जन हेतु खसरा सत्यापन अधिकारियों का प्रशिक्षण 22 सितम्बर को 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 20 सितम्बर 2025 - खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन को पारदर्शी एवं सुगम बनाने शासन द्वारा नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के अंतर्गत किसानों की ज़मीन के चिन्हांकित खसरा नंबरों का सत्यापन अब मोबाइल एप के माध्यम से किया जाएगा। इसी कड़ी में बेमेतरा जिले में खसरा सत्यापन कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 22 सितम्बर 2025 सोमवार सुबह 10 बजे जिला पंचायत बेमेतरा स्थित सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। 
   धान उपार्जन प्रक्रिया में खसरा सत्यापन एक अहम चरण है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि उपार्जन केन्द्रों में केवल वास्तविक किसानों की उपज ही खरीदी जाए। मोबाइल एप आधारित सत्यापन से किसानों के रकबे एवं पंजीयन की सटीकता सुनिश्चित होगी, अनियमितताओं पर रोक लगेगी, खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। इस व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन के लिए सत्यापनकर्ता अधिकारियों को मोबाइल एप का उपयोग, उसमें उपलब्ध सुविधाओं और डेटा एंट्री की प्रक्रिया की जानकारी होना अनिवार्य है। 
        इस प्रशिक्षण में राजस्व निरीक्षक (सर्व), पटवारी (सर्व) तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (सर्व) जिला बेमेतरा को शामिल किया जाएगा। इन अधिकारियों को मोबाइल एप इंस्टॉलेशन, लॉगिन प्रक्रिया, खसरा नंबर सत्यापन की तकनीक और रिपोर्टिंग की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नियुक्त सत्यापनकर्ता अधिकारी उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।