प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का आयोजन 11 अगस्त को बेमेतरा जिला के सभी स्वास्थ्य केंद्र में

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का आयोजन 11 अगस्त को बेमेतरा जिला के सभी स्वास्थ्य केंद्र में 

गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम वाले लक्षणों की पहचान कर दी जाएगी विशेष सुविधा 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 8 अगस्त 2025 - स्वास्थ्य विभाग बेमेतरा सीएमएचओ कार्यालय से आदेश अनुसार गर्भवती माताओं की प्रसव पूर्व जांच किये जाने हेतु प्रतिमाह के 09 एवं 24 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का आयोजन जिले के समस्त शासकीय संस्थाओं में किया जाता है। माह अगस्त में 9 अगस्त 2025 को शासकीय अवकाश व 10 अगस्त को रविवार अवकाश होने के कारण शासन द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देश के अनुसार प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का आयोजन 02 दिन पश्चात 11 अगस्त 2025 दिन सोमवार को किया जावेगा।
यह अभियान भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। जिसका मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम वाले लक्षणों की पहचान कर विशेषज्ञ तथा प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण संपूर्ण प्रबंधन सुनिश्चित करना है। जिससे उच्च जोखिम श्रेणी में आने वाली गर्भवती महिलाओं का समुचित प्रबंधन एवं सुनियोजित संदर्भन सुनिश्चित कर राज्य में मातृ मृत्यु अनुपात को कम किया जा सकता है। इसलिए प्रत्येक माह की 09 एवं 24 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्य अभियान (PMSMA) दिवस समस्त जिलों के जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा चिन्हांकित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजित किया जाता है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) दिवस के सफल कियान्वयन हेतु राज्य स्वास्थ्य विभाग माध्यम से समस्त जिलों को दिशा निर्देश जारी किये गये है।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (PMSMA) दिवस सुनियोजित रूप से आयोजित हो, इस हेतु निम्न बिन्दुओं पर विशेष ध्यान केन्द्रीत करते हुये सतत निरीक्षण व्यवस्था किया गया है - 

1. शतप्रतिशत उच्च जोखिम गर्भवती (HRP) महिलाओं की त्वरित पहचान ।

2. PMSMA पलो चार्ट अनुसार हितग्राही को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी।

3. विशेषज्ञ (OBG)/ निजी चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी।

4. गर्भवती महिलाओं को पोषण, संस्थागत प्रसव तथा खतरे के लक्षणों पर परामर्श।

सीएमएचओ डॉ अमृत लाल रोहलेडर एवं सिविल सर्जन डॉ लोकेश साहू ने हितग्रहियों से अपील किया है कि जिला अस्पताल बेमेतरा के साथ समस्त शासकीय संस्थाओं में निर्धारित तिथी 11 अगस्त को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का आयोजन किया जाएगा हितग्राही उक्त अवसर पर पास के स्वास्थ्य केंद्र में इस अभियान में शामिल होकर स्वास्थ्य जांच परीक्षण करवा अभियान को सफल बनाए।