मुख्यमंत्री कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस तैयारी एवं समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा, 15 जुलाई 2025 - जिला कार्यालय के दिशा भवन में आज कलेक्टर रणवीर सिंह शर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन स्तर पर संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और जिले में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशासन सुनिश्चित करने संबंधी निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मांगी गई जानकारियां समय पर और स्पष्ट रूप में भेजें तथा मुख्यमंत्री एवं उच्च कार्यालय से प्राप्त निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। उन्होंने कर्तव्य निर्वहन में जवाबदेही सुनिश्चित करने एवं दायित्वों का समयबद्धता से निर्वहन करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसी भी कार्य में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रतियोगिता परीक्षा में पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक - बैठक में जिले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर परीक्षा की पारदर्शिता प्रभावित नहीं होनी चाहिए और किसी भी अवांछनीय गतिविधि की संभावना को प्रारंभिक स्तर पर ही निष्क्रिय किया जाए। परीक्षार्थियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप परीक्षा में सम्मिलित करने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम व स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष निर्देश - कलेक्टर रणवीर शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित जिले में संभावित आगमन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक तैयारी रखने और विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम का आयोजन सुचारू और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो, यह सभी विभागीय अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी कड़ी में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय और प्रेरणादायक ढंग से मनाया जाना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय दायित्वों का पालन शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार करें और बेहतर तालमेल से कार्यक्रम को सफल बनाएं।
लंबित प्रकरणों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश - बैठक के दौरान समय-सीमा के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं, आवेदनों व लंबित फाइलों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनदेखी पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
कुल मिलाकर बैठक में प्रशासनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में कलेक्टर रणवीर शर्मा ने स्पष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे शासन की मंशा के अनुरूप जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में अपना श्रेष्ठ योगदान देंगे।