आरोप - निजी संस्था को कोचिंग का ठेका, खनिज न्यास मद की राशि का दुरुपयोग
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि बेमेतरा जिले में शिक्षा विभाग में सब की आंखों के सामने धूल झोंकते हुए बहुत बड़ा शिक्षा घोटाला किया गया है। आशीष छाबड़ा ने कहा है कि सवा साल में खनिज मद का भरपूर दोहन किया गया है, जबकि आज भी बेमेतरा जिला मुख्यालय को ही देख लिया जाए तो समझ में आ जाता है कि बेमेतरा जिले में शिक्षा की व्यवस्था लच्चर है। 12 वीं के बच्चों को नीट और जेईई कोचिंग देने के नाम पर 90 लाख रुपए खर्च किए गए हैं, जबकि यह कोचिंग 12 वीं की मुख्य परीक्षा आयोजन के कुछ दिनों पहले ही प्रारंभ किया गया, यह जानते हुए कि इसमें बच्चे भाग नहीं ले पाएंगे। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खिलोरा को खाली करा कर निजी संस्था को लाभ पहुंचाने के नियत से कोचिंग का ठेका दिया गया। महज 15 से 20 दिनों की कोचिंग का खर्च 90 लाख रुपए बताया जा रहा है। यह सिर्फ एक खर्च है इस तरह से अनेकों खर्च विभिन्न कार्यों के नाम से किए गए हैं, जिससे जाहिर है शिक्षा विभाग में भाजपा नीत सरकार और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के संरक्षण में शिक्षा जैसे पवित्र संस्थान में शिक्षा के नाम पर घोटाले को अंजाम दिया गया है, जिसकी जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराए जाने की आवश्यकता है। जहां बेमेतरा में शासकीय विद्यालय अपने भवन के मरम्मत के बाट जोह रहे हैं। वही इस तरह से शिक्षा विभाग में घोटाले करके गरीबों को मिलने वाली शिक्षा का गला घोटने का काम किया जा रहा है।
खनिज न्यास मद की राशि का दुरुपयोग - पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने बताया कि इसी तरह खनिज न्यास मद से आत्मानंद स्कूल में कंप्यूटर लैब सेटअप सामग्री के लिए जिले में लगभग 11 लाख रुपए तथा फिजिक्स लैब सामग्री के सेटअप के लिए 22 लाख रुपए और केमेस्ट्री लैब सेटअप के नाम पर 19 लाख रुपए खनिज न्यासा मद से लिए गए हैं, जबकि यह सारे सेटअप पूर्व में ही कांग्रेस सरकार के द्वारा पूरे कर दिए गए थे। ऐसे में दोबारा उन्ही सामानों की खरीदी करना समझ से परे है, जबकि स्वामी आत्मानंद स्मृति उत्कृष्ट विद्यालय चाहे वह अंग्रेजी माध्यम के हो अथवा हिंदी माध्यम के पूरे साजो समान के साथ कांग्रेस की सरकार ने इन विद्यालयों को प्रारंभ कराया था और इसका ही नतीजा था कि पूरे छत्तीसगढ़ में प्राइवेट स्कूल बंद होने की कगार पर आ चुके थे, किंतु जब से भाजपा सरकार सत्ता संभाली है स्वामी आत्मानंद स्मृति उत्कृष्ट विद्यालयों को बंद करने की एक गहरी साजिश रची जा रही है और सोने में सुहागा कहा जाए स्थानीय भाजपा सत्ता संरक्षण से इस तरीके से खनिज न्यास मद के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। जिसकी शिकायत मैं मुख्यमंत्री तथा नेता प्रतिपक्ष से मिलकर करेंगे। किसी भी कीमत पर कांग्रेस कमेटी गरीबों को मिलने वाली शिक्षा में समझौता करने वाले नहीं है। घोटालेबाजों को जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा।