सहसपुर में अपर कलेक्टर बाजपेयी ने आवेदनों के निराकरण की समीक्षा

सहसपुर में अपर कलेक्टर बाजपेयी ने आवेदनों के निराकरण की समीक्षा 

सुशासन तिहार 2025 - दो महिलाओं को राशन कार्ड बनाकर सौपा 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा 30 अप्रैल 2025 - सुशासन तिहार 2025 के तहत आज अपर कलेक्टर अनिल बाजपेयी ने विकासखंड साजा के ग्राम पंचायत सहसपुर में ग्रामीणों से प्राप्त समस्याओं, मांगों और शिकायतों के आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। 
   
विभागों ने दी निराकरण की जानकारी - समीक्षा शिविर सहसपुर में लोक स्वास्थ यांत्रिकी, विद्युत, समाज कल्याण, खनिज, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य, शिक्षा, राजस्व, महिला एवं बाल विकास आदि संबंधित विभागों के अधिकारियों ने क्रमवार ढंग से अपने अपने विभागों से संबंधित आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी दी। 
 
दो महिलाओं को राशन कार्ड - सहसपुर साजा में आवेदनों की समीक्षा के दौरान श्रीमती माया बाई सिन्हा और श्रीमती प्रिया खिलवाड़े को राशन कार्ड सौपा। श्रीमती प्रिया खिलवाड़े की शादी एक वर्ष पूर्व और श्रीमती माया बाई की शादी पाँच वर्ष पहले हुई है।

सही निराकरण त्वरित समाधान - अपर कलेक्टर अनिल बाजपेयी आवेदनों का सही निराकरण करने कहा। उन्होंने कहा कि लोगों के आवेदनों का अधिकारी त्वरित समाधान करें। उन्होंने कहा कि 5 मई से 31 मई 2025 तक जिलेभर में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जनकल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। 

शिविर में उपस्थिति - समाधान शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचंद्र अग्रवाल, एसडीएम सुश्री पिंकी मनहर, सरपंच सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। 

प्रथम चरण - गौरतलब है कि सुशासन तिहार 2025 के प्रथम चरण में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक जिले के सभी पंचायत निकायों में समाधान पेटियां स्थापित की गई थीं, जिनमें नागरिकों द्वारा विभिन्न प्रकार के आवेदन डाले गए थे।