विधायक ईश्वर साहू ने सुवरतला चौक से परपोड़ी सड़क निर्माण का किया भूमिपूजन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - विधानसभा साजा के विधायक ईश्वर साहू और क्षेत्रवासियों के मांग पर साजा ब्लाक के ग्राम सुवरतला में सुवरतला चौक से परपोड़ी पहुंच मार्ग सड़क निर्माण के लिए शासन द्वारा स्वीकृत मिल गई हैं। जिसका गुरुवार को साजा विधायक ईश्वर साहू ने विधि विधान से मन्त्रोंचार के साथ पूजा अर्चना कर भूमिपूजन किया। सुवरतला चौक से परपोड़ी 12.500 किलोमीटर लम्बाई की इस सड़क के लिए लगभग 22 करोड़ 80 लाख रूपये के प्रशासनिक राशि की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान किया गया हैं। लगातार कई महीनों से इस क्षेत्र के जनप्रतिनिधी और आम लोगों ने मिलकर विधायक श्री साहू को अपनी जरूरतें बताई थी। इस आधार पर श्री साहू ने योजना बनवाकर शासन को भेजा, जहां से तत्काल मंजूरी भी मिल गई। सड़क का काम पीडब्लूडी विभाग करेगा। इन कार्यों के भूमिपूजन के मौके पर विधायक ईश्वर साहू ने समारोह में नागरिकों को आश्वस्त किया कि वे अपनी जरूरत को सीधे मिलकर चर्चा करें। उन्होंने कहा कि सभी आश्वस्त रहें कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े जितने भी जरूरी काम होंगे, सभी ग्रामो में जल्द करवाए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने इस स्वीकृति के लिए सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव का आभार जताया। इस दौरान सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन करते हुए विधायक साहू ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी गांव में वार्डो में लोगों के लिए खुशहाल वातावरण तथा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। यह सिलसिला लगातार चलेगा, ताकि साजा विधानसभा के प्रत्येक गांव प्रत्येक मोहल्ला के निवासियों को बड़ा बदलाव महसूस करवाया जा सकें। उन्होंने कहा कि वे साजा विधानसभा के सर्वांगीण विकास हेतु कृत संकल्पित हैं। इस क्षेत्र में होने वाली सभी कार्य आम लोगों की जरूरतों पर ही आधारित रहेंगे। आयोजित समारोह भूमिपूजन में क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्त्ता समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहें।