करमा सम्राट घनश्याम ठाकुर को भोजली पुस्तक की प्रति भेंट

जनजाति शोधार्थी राम कुमार वर्मा ने लोकाचल अंक 36 वें पुस्तक के रुप में भोजली को किया प्रकाशित 

बेमेतरा 13 नवंबर 2026 - लोक आनुष्ठानिक पर्व भोजली को 34 बिंदुओं में जनजाति शोधार्थी राम कुमार वर्मा ने विस्तार से लोकाचल अंक 36 वें पुस्तक के रुप में लिखकर प्रकाशित किया है। जिसमें भोजली पर्व, परंपरा, रीति रिवाज व समुदाय द्वारा मनाएं जाने के विषय में विस्तार से वर्णन किया गया हैं। 

प्रकाशित पुस्तक की प्रति भेंट 
इस भोजली पुस्तक की प्रति भेंट कर ग्राम तेंदूभाठा विकास खंड साजा जिला बेमेतरा के वरिष्ठ करमा नर्तक व करमा सम्राट घनश्याम ठाकुर को भेंटकर भोजली को गोंड़ समुदाय द्वारा अनेक अवसरों पर आयोजित करने की संदर्भित चर्चा भी की। ताकि आने वाली भोजली पुस्तक के अंक में उसे भी शामिल किया जा सके। इस दौरान डॉ. सियाराम साहू भी उपस्थित रहे। 

भोजली पर्व व उसकी परंपरा 
छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत में कृषि व वनस्पति संरक्षण संबंधी कई अनुठे लोक आनुष्ठानिक पर्व हैं, जिसे आज भी अपने पुरखों सामाजिक रीति-रिवाज के अनुरुप विभिन्न जाति-समुदाय के लोगों द्वारा निरंतर समृद्ध किया जा रहा है। लोधी, कुर्मी, तेली व गोंड जैसे बड़े कृषक समुदाय द्वारा भोजली लोक आनुष्ठानिक पर्व का आयोजन प्रतिवर्ष सावन के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाता है। विशेष रुप से लोधी समुदाय के द्वारा अपनी नव-विवाहिता बेटी को अंतिम रुप से विदाई देने के लिए भोजली उजेना कराया जाता है। मूलतः भोजली कृषक समुदाय द्वारा आने वाली रवि की फसलों के सात प्रकार के बीजों मुख्य रुप से गेहूं, जौ, अरहर, तिल, मूंग, उड़द, सरसों आदि को मिश्रित कर बॉंस की नई टोकरी या घर में उपलब्ध पुरानी टोपली में मिट्टी-खाद आदि मिला कर भोजली बोई जाती है, जिसे रसोई घर या अंधेरे कमरे में रखकर बीजों के अंकुरित होने, अच्छी तरह से पनपते हुए देखने हेतु का सप्ताह भर लोक अनुष्ठान किया जाता है। यह पूरी तरह से कुंवारी कन्याओं और बेटियों को समर्पित होता है। उसकी देखरेख बड़े बुजुर्ग भी करते हैं और उसकी सेवा स्वरुप भोजली गीतों का गायन भी करती हैं। 
    अंत में रक्षाबंधन यानी कि सावन पूर्णिमा के के दिन राखी व भोजली का विवाह करने स्वरुप गाढ़ा हल्दी का घोल भोजली में छिड़क कर, ग्राम भ्रमण कराते हुए स्थानीय तालाब, नदी में विसर्जित कर दिया जाता है। जहां भोजली की जड़ों में लगी मिट्टी को धोकर तालाब में विसर्जित कर दिया जाता है। वहीं कुछ पत्तियां वापस लाई जाती है और अपने हमजोली, अपने से बड़े आदि के कान में खोंस कर भोजली बदी जाती है, जो जीवन भर की मित्रता का प्रतीक है। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ