केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं, बच्चों को दिया जाए व्यावहारिक एवं व्यावसायिक ज्ञान - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने शिक्षा एवं आदिवासी विकास विभाग की ली समीक्षा बैठक 

शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षा परिणाम, छात्रावासी बच्चों के पोषण, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य पर दिया विशेष जोर 
बेमेतरा 26 नवंबर 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शिक्षा विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में शिक्षा की वर्तमान स्थिति, परीक्षा परिणाम, छात्रावासों की व्यवस्था, बच्चों के पोषण, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना पहली प्राथमिकता 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बच्चों में समझ, तर्कशक्ति, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्राचार्यों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें, शिक्षकों की उपस्थिति एवं शिक्षण कार्य की गुणवत्ता की जांच करें और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दें। 
   कलेक्टर ने कहा कि कक्षा में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को पढ़ने, लिखने और समझने की बुनियादी क्षमता को मजबूत किया जाए। जो बच्चे पढ़ाई में पीछे हैं, उनके लिए विशेष कक्षाएं एवं उपचारात्मक शिक्षण संचालित किया जाए। 

बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए बनाएं ठोस कार्ययोजना 
बैठक में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले का परीक्षा परिणाम प्रदेश में बेहतर स्थान पर होना चाहिए। इसके लिए विषयवार कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी जैसे विषयों में बच्चों को विशेष मार्गदर्शन दिया जाए। 

परीक्षा की तैयारी के निर्देश 
कलेक्टर ने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों को परीक्षा के भय से मुक्त कर, उन्हें निरंतर अभ्यास, मॉक टेस्ट एवं प्रश्नपत्र हल करने के लिए प्रेरित करें। टॉपर्स के साथ-साथ कमजोर विद्यार्थियों पर भी समान ध्यान देने के निर्देश दिए गए। 

छात्रावासी बच्चों की शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और स्वास्थ्य पर देवे विशेष ध्यान  
आदिवासी विकास विभाग के छात्रावासों एवं आश्रमों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले बच्चे प्रशासन की सीधी जिम्मेदारी हैं। उनकी शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और स्वास्थ्य में कोई समझौता नहीं होगा। 
   कलेक्टर सुश्री ममगाई ने निर्देशित किया कि छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। छात्रावास अधीक्षकों को बच्चों के साथ संवेदनशील एवं अभिभावक जैसा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। बालिकाओं की सुरक्षा के लिए छात्रावासों में सीसीटीवी, महिला स्टाफ एवं नियमित निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। 

खेलकूद व गतिविधियों के निर्देश 
कलेक्टर ने छात्रावासों में बच्चों के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुस्तकालय एवं करियर मार्गदर्शन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। 

शिक्षा का अलख जगाएं, सर्वांगीण विकास के लिए चलाएं विविध गतिविधियां 
कलेक्टर सुश्री ममगाई ने शिक्षा विभाग को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ विद्यार्थियों के भविष्य को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा केंद्र न बनें, बल्कि वे संस्कार, अनुशासन, खेल, कला, विज्ञान एवं नेतृत्व के केंद्र बनें। 
     कलेक्टर ने कहा कि जिले के हर गांव, हर घर में शिक्षा का अलख जगाया जाए। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए शाला त्यागी एवं अनियमित बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने का अभियान चलाया जाए। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, योग, एनएसएस, एनसीसी, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, विज्ञान प्रदर्शनी एवं व्यक्तित्व विकास की विविध गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाएं। 

निर्देशों के पालन पर जोर 
अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाए और आगामी बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। 

बैठक में इनकी रहीं उपस्थिति 
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग अभिषेक जायसवाल, जिला मिशन समन्वयक, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, छात्रावास अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ