मटिया (बारगांव) में गौरा की निकली बारात, झूमे समाजजन व ग्रामवासी

पूजा-अर्चना कर निकाली गई रात में भव्य शोभायात्रा 

लोगों ने खाया सोंटा, शोभा यात्रा में दिखाई भाईचारे की छलक 
बेमेतरा 10 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ में सदियों से दिवाली की रात गौरा- गौरी उत्सव मनाने की परंपरा चली आ रही है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बेरला ब्लाक के ग्राम मटिया (बारगांव) में सोमवार की देर रात गौरी गौरा का विवाह उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर गौरा (शिवजी) की बारात बाजे-गाजे के साथ आतिशबाजी करते हुए निकाली गई। रातभर गौरा चौरा में विवाह की रस्म निभाने के बाद मंगलवार की सुबह गौरा-गौरी की शोभायात्रा निकाल कर विदाई दी गई। 

गोंड़ आदिवासी समाज की पुरातन परंपरा 
गोंड़ समाज द्वारा गौरा-गौरी विवाह के साथ ही मूर्ति विसर्जन हेतु शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें आदिवासी समाज के साथ-साथ अन्य समाज के भक्त भी भगवान के विवाह के साक्षी बने। ब्रमबाबा मोहल्ला में विगत कई वर्षों से गौरा-गौरी लोक संस्कृति का जीवंत उदाहरण है। आदिवासी समाज द्वारा धनतेरस के दिन फूलरस्म व तालाब से मिटटी लाकर अलग अलग दो स्थानों में गौरा-माता गौरी की हस्त प्रतिमा भारत साहू व मनोहर पाटिल द्वारा बनाया गया और दिवाली की रात बाजे गाजे के साथ आतिशबाजी करते हुए गौरा की बारात यह एक जीती-जागती परम्परा निकाल माता गौरी के घर ले जाया गया जहां गौरी-गौरा विवाह कराया गया। लोग पूरे रात कार्यक्रम कर सुवा नृत्य प्रस्तुत किये। मंगलवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मंजीरा व मादर की थाप पर गौरा-गौरी प्रतिमा का शोभायात्रा निकालाकर विसर्जन किया गया। समाज के लोगो ने पारम्परिक वेशभूषा सहित वाद्य यंत्रो सहित मांदर बजाते हुए थिरकते नजर आए। 

शोभायात्रा में भाईचारे की छलक 
भाईचारे को बरकरार रखते हुए इस दिन आदिवासी समाज के साथ-साथ अन्य समाज के लोग पूरे हर्षोउल्लास से इस यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में रामबाई ध्रुव, सरोज ध्रुव, गजरा ध्रुव, मोंगरा, अर्चना, तीजन ध्रुव, त्रिवेणी ध्रुव, दुलारी, बेबी ध्रुव, विमला ध्रुव, अमृत ध्रुव, मिलवंतीन निषाद, राधा ध्रुव, मनीता ध्रुव, मनोहर पाटिल, भारत साहू, तिहारु निषाद, सनत पटेल, सुशील ध्रुव, गिरवर ध्रुव, मुकेश ध्रुव, चुम्मन ध्रुव सहित अन्य समाज के लोग भी शामिल हुए। 
सोटा खाने व पीठ से पार कराने से सभी कष्ट हो जाते है दूर 
भारत साहू ने बताया कि सोटा अपने हाथ में मरवाने व जिनके द्वारा गौरा-गौरी अपने सर पर रखे हुए है, उनके कदमों के नीचे लेटने की स्थानीय परंपरा है। लोगों का मानना है कि जो लोग यह करते है, उसके सभी कष्ट दूर हो जाते हैं, इसीलिए वहां पर सोटा से मार खाने की लोगों में उत्सुकता रहती है। हालांकि कुछ लोग इसे अंधविश्वास कहते हैं, लेकिन यह परंपरा वर्षों से अपने पुराने रूप में ही चली आ रही है। गौरा चौरा के सामने कुश या चमड़े से बने सोंटे का प्रहार सहने से शरीर के कष्ट दूर होते हैं, अनिष्ट का नाश होता है और सुख-समृद्धि आती है। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ