बेमेतरा 13 नवंबर 2026 - पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने आज रक्षित केन्द्र बेमेतरा स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जनरल परेड के उपरांत आर्म्स शाखा एवं मैगजीन रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाखा में रखे शासकीय हथियारों एवं रायफलों की वर्तमान स्थिति, रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही वहां संधारित विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी रजिस्टरों एवं अभिलेखों को अद्यतन और सुव्यवस्थित तरीके से संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस संसाधनों का समुचित रखरखाव, शासकीय हथियारों की नियमित देखभाल तथा अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण बेहतर पुलिसिंग के महत्वपूर्ण अंग हैं। कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखना भी आवश्यक है।
इसके साथ ही उन्होंने रक्षित केन्द्र परिसर एवं पुलिस परेड ग्राउंड को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था का पालन करने तथा किसी भी आकस्मिक ड्यूटी एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के लिए सदैव तैयार रहने के निर्देश दिए।
एसपी त्रिलोक बंसल ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं तत्परता कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश कुमार यादव, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, रीडर-1 निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक राममिलन सिंह सहित रक्षित केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ