बेमेतरा में मातृ-शिशु मृत्यु रोकने के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण, 70 अधिकारी-कर्मचारी हुए प्रशिक्षित

कलेक्टर के निर्देश, सीएचएमओ व सिविल सर्जन के मार्गदर्शन पर बेमेतरा में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण 

मातृ/बाल मृत्यु, मृत जन्म और हाई रिस्क गर्भावस्था पर विशेषज्ञों व ट्रेनरों ने दिया प्रशिक्षण 
बेमेतरा 16 नवंबर 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े एवं सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू के मार्गदर्शन में यूनिसेफ (UNICEF) के तकनीकी सहयोग से जिला बेमेतरा में मातृ मृत्यु समीक्षा (MDSR), बाल मृत्यु समीक्षा (CDR), मृत जन्म (Still Birth) एवं उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (HRP) के प्रभावी प्रबंधन एवं समीक्षा हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 

विशेषज्ञों व ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन 
यूनिसेफ के राज्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह एवं उनकी टीम द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर के रूप में शिशु स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. दीपक निराला द्वारा नवजात शिशु देखभाल एवं प्रबंधन (Neonatal Care and Management) तथा PGMO स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अलका साहू द्वारा प्रसव के दौरान एवं प्रसव पश्चात देखभाल (Intrapartum and Postpartum Care) विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया। 
चित्रों व लाइव प्रदर्शन से चर्चा 
प्रशिक्षण के दौरान मातृ मृत्यु एवं बाल मृत्यु के मामलों की व्यवस्थित समीक्षा, मृत्यु के संभावित कारणों की पहचान, केस स्टडी तैयार करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रतिभागियों को चित्रों सहित केस स्टडी का लाइव प्रदर्शन भी दिया गया।

मृत जन्म व प्रसव पर जानकारी 
इसके साथ ही मृत जन्म (Still Birth) की रोकथाम, गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं रेफरल, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (HRP) के प्रबंधन, प्रसव पूर्व देखभाल तथा समय पर संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों की काउंसलिंग, प्रसव हेतु उपयुक्त स्वास्थ्य संस्था का पूर्व निर्धारण तथा गोसइया सम्मेलन के माध्यम से सामुदायिक जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। 

उद्देश्य - दर में कमी एवं कारणों का विश्लेषण 
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना, मृत्यु के कारणों का विश्लेषण कर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति रोकना तथा जिले में गुणवत्तापूर्ण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करना है। 

प्रशिक्षण में सहभागिता 
प्रशिक्षण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, अस्पताल सलाहकार, जिला सलाहकार-RMNCH+A, DPHNO, समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (BMO), BPM, चिकित्सा अधिकारी/RMA, स्टाफ नर्स सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के कुल 70 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। 

कार्यक्षेत्र में जागरूकता 
प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ आम जनता को भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित प्रसव, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था एवं मृत जन्म की रोकथाम के प्रति जागरूक करेंगे। 


By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ