कुष्ठ एक उपचार योग्य बीमारी, समय पर पहचान और उपचार से रोगी हो सकता है पूर्ण स्वस्थ - सीएमएचओ डॉ शरद कोहाड़े

गांधी जयंती पर कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग का कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता का संदेश  
बेमेतरा 02 अक्टूबर 2026 - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला बेमेतरा में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, सत्य एवं अहिंसा के साथ-साथ कुष्ठ रोग के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। 

रोगियों के लिए सम्मान एवं सहयोग की भावना 
महात्मा गांधी कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता एवं सेवा भावना के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए लोगों को कुष्ठ रोग के संबंध में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना रखने के लिए प्रेरित किया गया। 

कुष्ठ एक उपचार योग्य बीमारी, समय पर पहचान और उपचार से रोगी हो सकता है पूर्ण स्वस्थ 
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कुमार कोहाड़े ने बताया कि कुष्ठ रोग एक उपचार योग्य बीमारी है। समय पर पहचान और पूर्ण उपचार से रोगी स्वस्थ हो सकता है। कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता और शुरुआती जांच से दिव्यांगता जैसी जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है। 
कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षण 
* त्वचा पर हल्के या लाल रंग के ऐसे दाग-धब्बे, जिनमें संवेदना कम या समाप्त हो गई हो। 
* दाग वाले स्थान पर छूने, गर्म-ठंडा या दर्द का एहसास कम होना। 
* हाथ-पैर की उंगलियों में सुन्नपन या झनझनाहट। 
* हाथ-पैर की नसों में मोटापन या दर्द तथा उनमें कमजोरी महसूस होना। 
* हाथ या पैर की मांसपेशियों में कमजोरी, जिससे वस्तुएं पकड़ने या चलने में परेशानी हो सकती है। 
* उपचार में देरी होने पर हाथ-पैर की नसों को नुकसान तथा आंखों से संबंधित जटिलताएं हो सकती हैं। 

लक्षण दिखाई देने पर नजर अंदाज न करें और स्वास्थ्य केंद्र में कराएं जांच 
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. बीएल राज एवं प्रभारी जिला कुष्ठ सलाहकार ने नागरिकों से अपील की कि उपरोक्त में से कोई लक्षण दिखाई देने पर उसे नजर अंदाज न करें और नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। कुष्ठ रोग की जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है। 
    उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। यह रोग उपचार योग्य है और समय पर उपचार शुरू होने से रोगी सामान्य जीवन जी सकता है। 

जागरूकता संदेश एवं अपील 
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कुष्ठ रोग से संबंधित जागरूकता संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। साथ ही लोगों से स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ