चैलेंज से विद्यार्थियों में होगी स्टार्टअप और उद्यमिता की भावना विकसित - प्राचार्य डॉ. रमन मेहर

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बेरला में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का आयोजन, 180 विद्यार्थियों ने लिया भाग 
बेमेतरा 01 अक्टूबर 2026 - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बेमेतरा द्वारा शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बेरला में "सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 180 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर अपने सवाल पूछे और इनोवेशन चैलेंज में भाग लेने के लिए उत्साह दिखाया। 

एआई नवाचार और उद्यमिता के प्रति बढ़ा रुझान 
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के प्रति पंजीयन जागरूकता लाना तथा एआई नवाचार और उद्यमिता के प्रति रुचि बढ़ाना था। विभागीय अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्षों की संकल्प यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

पीपीटी के माध्यम से दी गई विस्तृत जानकारी 
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक तुषार त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह और सहायक प्रबंधक पारस मणि वर्मा द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इनोवेशन चैलेंज की विस्तृत जानकारी, पंजीयन प्रक्रिया और विभागीय प्रोत्साहन योजनाओं के बारे में बताया गया। 

आधिकारिक लिंक से पंजीयन 
अधिकारियों ने बताया कि 23 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में विद्यार्थी आधिकारिक लिंक sevainnovationchallenge.in के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। 

स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पर फोकस 
कार्यशाला में युवाओं का आह्वान किया गया कि वे अपने दैनिक जीवन, समाज एवं स्थानीय स्तर की समस्याओं पर विचार कर, उनके व्यावहारिक समाधान के रूप में विभिन्न सेक्टरों पर आधारित नए आइडियाज विकसित करें। नवाचार के माध्यम से सेवा को कैसे प्रभावी बनाया जा सकता है, इस पर विशेष जोर दिया गया। 

चैलेंज से विद्यार्थियों में होगी स्टार्टअप और उद्यमिता की भावना विकसित 
कार्यशाला में उपस्थित संस्था के प्राचार्य डॉ. रमन मेहर ने छात्रों को संबोधित करते हुए इस प्लेटफार्म का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के चैलेंज से विद्यार्थियों में स्टार्टअप और उद्यमिता की भावना विकसित होगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ