मामला - नवदुर्गा पेपर मिल से रासायनिक पानी और जहरीली गैस का रिसाव
ग्रामीणो ने मांग 10 दिनों में पूर्ण नहीं होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
बेमेतरा 30 अगस्त 2026 - बेमेतरा जिलें के बेरला ब्लाक के उप तहसील भिंभौरी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत नेवनारा में एक बार फिर पर्यावरण संबंधी समस्या व परेशानी का मामला सामने आ रहे है।
मिल के रासायनिक पानी और विषैली गैसों से परेशानी
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नेवनारा में संचालित नवदुर्गा पेपर मिल नेवनारा से निकल रहे रासायनिक पानी और विषैली गैसों के कारण स्थानीय किसान और ग्रामीण भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
लिखित आवेदन सौंप विरोध व मांग
मिल प्रबंधन की लगातार अनदेखी से आक्रोशित समस्त नेवनारा ग्रामवासियों ने मिल मालिक सुमील अग्रवाल को एक लिखित आवेदन सौंपकर इन गंभीर समस्याओं पर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
स्वास्थ्य व आर्थिक नुकसान
आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मिल से लगातार बिना किसी उपचार के केमिकल युक्त जहरीला पानी पास के खेतों में छोड़ा जा रहा है। इस दूषित पानी के कारण किसानों की तैयार और खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो रही हैं, साथ ही इससे ग्रामवासियों को स्वास्थ्यगत समस्या का भी सामना करना पड़ रहा हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक व स्वास्थ्य का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विषैली गैसों से वातावरण प्रदूषित
इसके साथ ही ग्रामीणों ने मिल से बिना किसी सुरक्षा उपकरण के छोड़ी जा रही विषैली गैसों को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इस जहरीली हवा से पूरे क्षेत्र का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। इसके अलावा कंपनी द्वारा गांव के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का सहयोग न देने पर भी नाराजगी जताई गई है।
10 दिनों में समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने आंदोलन की चेतावनी
ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे एक विशाल आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस ज्ञापन पर नीलेश साहू सहित समस्त ग्रामवासियों ने हस्ताक्षर कर अपनी एकजुटता दिखाई है।
बाजू वाले किसान की छोटी सी समस्या थी जिसका समाधान कर लिया गया है।
---- सुमित अग्रवाल, संचालक, नवदुर्गा पेपर मिल नेवनारा
0 टिप्पणियाँ