कैंसर से जूझ रहे कुसमी के ससुर धनीराम की दर्दभरी गुहार को लेकर उनकी बहू ने जनदर्शन में सहयोग की मांग
सुशासन और विधायक से निवेदन की निराशा के बाद अब जनदर्शन में आर्थिक सहायता की उम्मीद से फरियाद
बेमेतरा 10 अगस्त 2026 - जिलें मुख्यालय में 10 अगस्त को आयोजित जनदर्शन में एक महिला द्वारा अपने ससुर की एक दर्दभरी गुहार लगाई गई। जिसमें ईलाज, कर्ज और परिवार के जीवन यापन के लिए सरकारी सहायता व मदद करने की मांग की गई।
कुसमी निवासी ग्रामीण ने लगाई गुहार
उक्त मार्मिक व दर्दभरी गुहार बेमेतरा जिले के नगर पंचायत कुसमी विकासखंड बेरला निवासी धनीराम साहू की है, जो पिछले कुछ वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा हैं। उनका यह गुहार को कलेक्टर जनदर्शन में उनकी बहू लेकर पहुंची थी।
कैंसर पीड़ित ग्रामीण की गुहार
साहब, मैं कैंसर से जूझ रहा हूं… इलाज का खर्च उठाने की अब मेरी हैसियत नहीं है। कर्ज बढ़ता जा रहा है और पैसे के अभाव में इलाज भी रुक गया है। मैंने शासन से मदद की गुहार लगाई है, अब मेरी जिंदगी बचाने के लिए सहायता दिला दीजिए - यह दर्दभरी गुहार है नगर पंचायत कुसमी विकासखंड बेरला निवासी धनीराम साहू की है जो पिछले कुछ वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं।
विधायक, सुशासन तिहार से मिली निराशा
आवेदन लेकर पहुंचे धनीराम की बहू ने बताया कि धनीराम साहू ने अपनी बीमारी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की उम्मीद में आवश्यक दस्तावेजों के साथ विधायक के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद सुशासन तिहार (जनदर्शन) में भी मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया गया। परिवार को उम्मीद थी कि शासन की सहायता मिलने से महंगे इलाज का खर्च कुछ कम होगा और धनीराम का उपचार जारी रह सकेगा।
लेकिन धनीराम के अनुसार, 10 अगस्त तक दोनों स्थानों पर आवेदन देने के बावजूद उन्हें शासन की ओर से कोई सहायता राशि प्राप्त नहीं हुई है। लगातार उपचार में हो रहे खर्च के कारण परिवार कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। अब स्थिति यह है कि आर्थिक तंगी के कारण उनका इलाज तक प्रभावित हो गया है।
इलाज नहीं मिला तो बीमारी से कैसे लड़ूंगा
धनीराम का कहना है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ना पहले ही मुश्किल है, लेकिन जब इलाज के लिए पैसे न हों तो मरीज और उसके परिवार की परेशानी और बढ़ जाती है। परिवार अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपचार का खर्च उठाता रहा, लेकिन लगातार बढ़ते खर्च और कर्ज के कारण अब उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कलेक्टर के माध्यम से सहायता की आस
धनीराम ने अपने बहू व बेटे के माध्यम से कलेक्टर जिला बेमेतरा से अपनी स्थिति पर मानवीय संवेदना के साथ तत्काल संज्ञान लेने की गुहार लगाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत यथाशीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण रुका उनका इलाज दोबारा शुरू हो सके।
दस्तावेजों के साथ लगाई मदद की गुहार
धनीराम साहू ने अपने आवेदन के साथ सुशासन तिहार/जनदर्शन में किए गए आवेदन की पावती, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, कैंसर संबंधी मेडिकल रिपोर्ट एवं राशन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न किए हैं।
अब सरकारी सहायता की उम्मीद
अब कैंसर से जूझ रहे धनीराम और उनका परिवार सरकारी सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है। परिवार की एक ही गुहार है - इलाज के लिए आर्थिक मदद मिल जाए, ताकि धनीराम अपनी जिंदगी की यह जंग लड़ सके।
सुशासन तिहार का शिकायत अभी मार्किंग होकर हमारे पास नहीं आया हैं, जो आवेदन लेकर आया था उन्हें कहा गया है कि संबंधित दस्तावेजों को हमारे पास ले आयें तत्काल प्रतिवेदन तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। ---- डॉ अमृतलाल रोहलेडर, सीएमएचओ बेमेतरा
0 टिप्पणियाँ