आवास निर्माण में विलंब पर हितग्राहियों की जनपद पंचायत बेमेतरा में पेशी

समय-सीमा में आवास पूर्ण करने के निर्देश
बेमेतरा 13 अगस्त 2026 - प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में अनावश्यक विलंब करने वाले हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बेमेतरा में पेशी हेतु बुलाया गया। पेशी के दौरान संबंधित हितग्राहियों से उनके आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य में हो रहे विलंब के कारण तथा आवास पूर्ण करने में लगने वाले संभावित समय की जानकारी ली गई। 

जनपद स्तर पर समझाईस व सहयोग की अपील 
जनपद पंचायत स्तर पर हितग्राहियों को समझाइश देते हुए निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा आवास निर्माण के लिए स्वीकृत एवं प्रदान की गई सहायता राशि का निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उपयोग करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ अथवा जारी रखते हुए पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। हितग्राहियों से कहा गया कि आवास निर्माण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और निर्धारित समय-सीमा में आवास पूर्ण कर योजना के उद्देश्य को पूरा करने में सहयोग करें। 

लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं 
पेशी के दौरान अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का मुख्य उद्देश्य पात्र परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। आवास स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव एवं आवास निर्माण से जुड़े मैदानी अमले को भी हितग्राहियों से सतत समन्वय करते हुए निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 

समझाइश एवं निर्देश के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं होने पर होंगी प्रशासनिक कार्रवाई 
हितग्राहियों को चेतावनी दी गई कि समझाइश एवं निर्देश के बावजूद यदि आवास निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण नहीं किया जाता है, तो योजना के लागू नियमों एवं प्रावधानों के तहत आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने हितग्राहियों से शासन की मंशा के अनुरूप आवास निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए शीघ्र आवास पूर्ण करने की अपील की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ