शिक्षकों की कमी से आत्मानंद स्कुल की पढ़ाई प्रभावित, पालकों ने जनदर्शन में मांगे शिक्षक

03 अगस्त के जनदर्शन में शिकायत पर कार्यवाही नहीं होने से नाराजगी 

15 दिन में व्यवस्था नहीं हुई तो तालाबंदी की चेतावनी, डीईओ, एसडीएम, उप संचालक, थाना प्रभारी को प्रतिलिपि 
बेमेतरा 10 अगस्त 2026 - पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शिवलाल राठी शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बेमेतरा में शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों एवं पालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित होने तथा कई विषयों की कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित नहीं होने का आरोप लगाते हुए समस्त पालकगण ने जिलाधीश को आवेदन सौंपकर शीघ्र शिक्षकों की व्यवस्था कराने की मांग की है। 

03 अगस्त के जनदर्शन में आवेदन पर कार्यवाही नहीं 
पालकों ने आवेदन में बताया कि शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर के साथ-साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में पूर्व में भी 03 अगस्त 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में टोकन क्रमांक 518 के माध्यम से पालकों द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी, लेकिन आवेदन के बाद भी अब तक उचित कार्रवाई नहीं होने से पालकों में नाराजगी है। 

15 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी 
पालकों ने कलेक्टर से विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर करने की मांग की है। आवेदन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि 15 दिवस के भीतर विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो समस्त पालकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा आंदोलन किया जाएगा तथा विद्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। 

पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति अथवा व्यवस्था की मांग 
पालकों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही करते हुए विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति अथवा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर बना रहे। 

डीईओ, एसडीएम, उपसंचालक, थाना प्रभारी को प्रतिलिपि 
आवेदन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, संभागीय उपसंचालक लोक शिक्षण संचालनालय दुर्ग तथा थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा को भी सूचनार्थ दी गई है। 
    आवेदन में पालकों की ओर से संजय कुमार बांध, विजय कुमार छोटे एवं उत्तम साहू सहित अन्य पालकों के हस्ताक्षर बताए गए हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ