शिक्षा विभाग बेमेतरा ने 116 शिकायतों में 96 का किया समयबद्ध निराकरण

सीएम हेल्पलाइन के शिकायतों में पेयजल, शिक्षक, प्रवेश, छात्रवृत्ति, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों, अधोसंरचना, मध्यान्ह भोजन, उन्नयन शामिल  

96 निराकृत में से 63 प्रकरणों में फीडबैक देकर नागरिकों ने सरकार के प्रति जताया आभार 
बेमेतरा 05 अगस्त 2026 - राज्य सरकार द्वारा संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आई है। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा भी नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करते हुए उन्हें त्वरित राहत प्रदान की जा रही है। 

116 शिकायतों में 96 का निराकरण 
जिला बेमेतरा के शिक्षा विभाग को अब तक 116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था, शिक्षक की मांग, स्कूलों में प्रवेश, छात्रवृत्ति, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, आधारभूत अधोसंरचना, मध्यान्ह भोजन तथा विद्यालयों के उन्नयन जैसी विभिन्न समस्याएं शामिल थीं। विभाग द्वारा इन शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए 96 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। 

96 निराकृत में से 63 में फीडबैक 
निराकृत शिकायतों में से 63 मामलों में नागरिकों ने सकारात्मक फीडबैक देते हुए समाधान पर संतोष व्यक्त किया है, जबकि शेष शिकायतों में फीडबैक की प्रक्रिया जारी है। 

संवेदनशीलता एवं जवाबदेही से कार्य 
निराकरण की यह उपलब्धि दर्शाती है कि शिक्षा विभाग नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य कर रहा है। सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से लाभान्वित नागरिकों ने कहा कि उनकी शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान होने से उन्हें अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उनका कहना है कि सीएम हेल्पलाइन आमजन और शासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन गई है, जहां प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और समयबद्ध ढंग से उसका निराकरण किया जा रहा है। 

सरकार का उद्देश्य 
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सरल, पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना है। इसी सोच के साथ संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। 

समय सीमा में निराकरण 
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे सुशासन की अवधारणा धरातल पर साकार हो रही है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ