पुलिस के बीच बचाव व समझाईस पर हुआ माहौल शांत, समय निर्धारित कर कार्यवाही का आश्वासन देने पर माने ग्रामीण
मामला ग्राम के खेल मैदान में अतिक्रमण का, जिसे हटाने आए थे राजस्व विभाग के अधिकारी तहसीलदार व नायब तहसीलदार
बेमेतरा 25 जुलाई 2026 - जिलें के साजा ब्लाक के थान खम्हरिया थाना व तहसील क्षेत्र अंतर्गत समीपस्थ ग्राम पंचायत पदमी में आयोजित राजस्व निपटारा शिविर उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब अतिक्रमण के मुद्दे पर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। नाराज ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद तहसीलदार सरिता मढ़रिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू का घेराव कर उन्हें कुछ समय के लिए जाने नहीं दिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के अनुसार, राजस्व अधिकारियों की टीम ग्राम पंचायत पदमी में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित करने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के खेल मैदान पर हुए कथित अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप था कि लंबे समय से प्रशासन केवल आश्वासन और तारीखें देता आ रहा है, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अधिकारियों के जवाब से असंतुष्ट ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और अधिकारियों को वहां से जाने नहीं दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और पुलिस ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ और अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है। घटना को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान अभी तक नही आया है।
तहसील क्षेत्र मे शासकीय जमीन पर किए गए अतिक्रमण को मुक्त कराने राजस्व विभाग की पशीने छूट रहे है। कुछ ग्राम पंचायत मे सत्ता के बल पर अतिक्रमित व्यक्ति को बचाने का प्रयास से ही मामला उलझकर रह जाता है।फिरहाल पदमी की घटना को लेकर ग्रामीण बंटे हुए है उनका कहना है कि ग्राम पंचायत द्वारा पारित प्रस्ताव के हिसाब से अतिक्रमण हटाया जाता है तो हम प्रशासन को सहरोग करेंगे।
इस संबंध में राजस्व विभाग के तहसीलदार थान खम्हरिया सरिता मढ़रिया, सचिव राजकुमार पटेल, सरपंच हेमलता सोनू सिंहा को संपर्क करने पर उनसे संपर्क नहीं हो पाया जिससे उनका पक्ष नहीं मिल सका।
0 टिप्पणियाँ