कंट्रोल रूम के स्टाफ को आपस में समन्वय स्थापित कर टीम भावना से कार्य करते हुए जवाबदारी एवं भूमिका का कुशल निर्वहन करने दिए गए निर्देश
जुआ, सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों पर कार्यवाही करने दिए निर्देश
बेमेतरा 05 जुलाई 2026 - पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने आज रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, टीम भावना से कार्य करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कंट्रोल रूम में संधारित अभिलेखों का अवलोकन किया और निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली सभी सूचनाओं को तत्काल संबंधित अधिकारी तक पहुंचाया जाए। साथ ही सूचना पर की गई कार्रवाई का विवरण भी लॉग बुक एवं निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम पर आम जनता के फोन आने पर उनकी बातों को धैर्य एवं संयमपूर्वक सुना जाए तथा उनकी शिकायतों और सूचनाओं को तत्काल संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी तक पहुंचाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीले पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं के लिए अलग रजिस्टर संधारित कर कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डीआईजी रामकृष्ण साहू ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को वीआईपी एवं वीवीआईपी दौरों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, कार्यक्रमों की पूर्व जानकारी लेकर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर नागरिकों से संवाद बढ़ाने, बीट प्रणाली को मजबूत करने, निगरानी एवं सूचीबद्ध अपराधियों पर सतत नजर रखने तथा महत्वपूर्ण सूचनाओं को बीट पुस्तिका में नियमित रूप से अद्यतन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ बीट व्यवस्था से जनसंपर्क बेहतर होगा और अपराध नियंत्रण में प्रभावी सफलता मिलेगी।
डीआईजी ने कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने, अपराध नियंत्रण के लिए सशक्त सूचना तंत्र विकसित करने, विजिबल पुलिसिंग एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रखने तथा सरप्राइज चेकिंग के माध्यम से वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही "सशक्त एप" के अधिकाधिक उपयोग, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई तथा बस स्टैंड, चौपाटी एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। संदिग्ध व्यक्तियों, ठेला एवं गुमटी संचालकों तथा फेरीवालों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, सोनल ग्वाला, चंद्रदेव वर्मा, दुलेश्वर चंद्रवंशी, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, सूरज प्रकाश, जितेन्द्र कुमार कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ