नवागढ़ आकस्मिक निरीक्षण में कलेक्टर ने किया एक शिक्षक को निलंबित, कई शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी
अध्यापन कार्य के दौरान पुस्तक स्कैनिंग पर सख्ती, शिक्षण प्रभावित नहीं होने के दिए निर्देश
बेमेतरा 17 जुलाई 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बेमेतरा श्रीमती प्रेमलता पद्माकर द्वारा 16 जुलाई 2026 को विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत विभिन्न शालाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षण व्यवस्था, विद्यालयों की साफ-सफाई एवं शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया गया।
बिना सूचना अनुपस्थित पर निलंबित
निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला खैरी में पदस्थ सुरेन्द्र कुमार बारले सहायक शिक्षक (एल.बी.) बिना किसी पूर्व सूचना के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इसे शासकीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता मानते हुए तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के उपनियम (1), (2) एवं (3) का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी बेरला निर्धारित किया गया है।
गंदगी एवं अव्यवस्था पर नाराजगी, नोटिस
इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नवागढ़ का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय परिसर में गंदगी एवं अव्यवस्था पाए जाने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती चन्द्रप्रभा बंजारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
पुस्तकों की स्कैनिंग व तीन के अवकाश से अध्यापन प्रभावित
इसके अलावा शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला नांदल के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि शिक्षण कार्य के समय कुछ शिक्षक पुस्तकों की स्कैनिंग में लगे हुए थे, जबकि तीन शिक्षक अवकाश पर होने के कारण विद्यालय में अध्यापन कार्य प्रभावित हो रहा था।
पुस्तक स्कैनिंग पर इन शिक्षकों को नोटिस
इस संबंध में सुमेन्त खरे शिक्षक, तुलाराम हीरवानी शिक्षक, जग्गु राम चन्द्राकर शिक्षक, श्रीमती अनिता भानु शिक्षक (शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नांदल), विजय प्रताप सिंह भारद्वाज सहायक शिक्षक (एल.बी.) शासकीय प्राथमिक शाला नांदल तथा शिवकुमार ध्रुव प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला नांदल को अध्यापन कार्य छोड़कर पुस्तक स्कैनिंग करते पाए जाने पर कारण बताओ सूचना जारी की गई है।
डीईओ ने जारी किया निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा द्वारा जिले के समस्त संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि शिक्षण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की पुस्तक स्कैनिंग अथवा अन्य गैर-शैक्षणिक कार्य नहीं किया जाएगा। पुस्तक स्कैनिंग का कार्य केवल अध्यापन कार्य पूर्ण होने के बाद ही किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो।
अध्यापन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता - कलेक्टर
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अध्यापन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षण अवधि के दौरान किसी भी स्थिति में शिक्षकों द्वारा पुस्तक स्कैनिंग अथवा अन्य कार्य नहीं किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों का अवकाश भी तभी स्वीकृत किया जाए, जब उससे विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।
0 टिप्पणियाँ