नकटी ग्राम में 80 घरों पर चलें बुलडोजर से गरमाई राजनीति, बेमेतरा में भी उठे विरोध के स्वर
बेमेतरा 30 जून 2026 - रायपुर स्थित माना क्षेत्र के धरसीवा विधानसभा अंतर्गत ग्राम नकटी खपरी में लगभग 80 घरों पर चली बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर भारी उबाल देखने को मिल रहा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं। जहां कांग्रेस ने इस कार्रवाई को गरीब विरोधी और तानाशाहीपूर्ण कदम बताया है, वहीं भाजपा इसे अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बता रही है।
इसी कड़ी में बेमेतरा जिले में भी इस मुद्दे को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) एवं युवा कांग्रेस के जिला सचिव परमेश्वर पात्रे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में “सुशासन” का दावा करने वाली सरकार गरीबों और मजदूरों के आशियाने उजाड़ने में लगी हुई है।
परमेश्वर पात्रे ने कहा कि ग्राम नकटी खपरी में प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना से जुड़े लगभग 80 परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाना बेहद अमानवीय और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार गरीब, आदिवासी, मजदूर, श्रमिक और किसानों को लगातार प्रताड़ित करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा “एक तरफ सरकार गरीब कल्याण और विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं गरीब परिवारों का आशियाना उजाड़ने का काम कर रही है। यह भाजपा सरकार का तानाशाही और निरंकुश चेहरा है। जनता अब सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।”
परमेश्वर पात्रे ने आगे कहा कि सरकार को गरीबों के पुनर्वास और उनकी मूलभूत सुविधाओं की चिंता करनी चाहिए, न कि उनके सिर से छत छीनने की। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास देने की मांग भी की।
इस घटना के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक बहस तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक बयानबाजी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
0 टिप्पणियाँ