आरईएस विभाग साजा 4 माह से इंजीनियर विहीन

मामला - साजा के एकमात्र इंजिनियर को नवागढ़ में अटैच 

बेमेतरा जिले में अनोखा 'प्रबंधन' : इकलौते को भी किया खाली, जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली व व्यवस्था पर उठें सवाल 

अटैचमेंट व राजनीति का खेला, आरईएस विभाग साजा मात्र एक एसडीओ के भरोसे 

जनपद पंचायत साजा के 106 ग्राम पंचायतों के विकास कार्य ठप 
बेमेतरा 30 जुलाई 2026 - जिला पंचायत बेमेतरा के अजीबोगरीब प्रशासनिक प्रबंधन का खामियाजा साजा ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। साजा के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) उपसंभाग में बीते चार महीनों से एक भी नियमित इंजीनियर पदस्थ नहीं है। हद तो तब हो गई जब res साजा में पदस्थ एकमात्र इंजीनियर दिलीप निर्मलकर को भी नवागढ़ अटैच कर दिया गया, जबकि नवागढ़ में पहले से ही पर्याप्त इंजीनियर मौजूद हैं। जिला पंचायत बेमेतरा सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर के द्वारा 13.4.2026 को अटैच करने का आदेश जारी किया गया। जिस पर जनपद पंचायत साजा सीईओ सोमनाथ साहू के द्वारा 5.5.2026 को भारमुक्त किया गया। तब से आज तक res साजा इंजीनियर विहीन हो गया हैं। 
    जिला पंचायत बेमेतरा सीईओ के इस फैसले से साजा जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली 106 ग्राम पंचायतों के तमाम विकास एवं निर्माण कार्य पूरी तरह अधर में लटक गए हैं। 

निर्माण कार्यों पर ब्रेक, मार्गदर्शन व अन्य कार्यों का अभाव 
इंजीनियरों की गैरमौजूदगी के कारण साजा ब्लॉक में नए और पुराने निर्माण कार्यों का खाका पूरी तरह बिगड़ चुका है। लेआउट (Layout), एस्टीमेट (Estimate), स्थल निरीक्षण, मूल्यांकन (Valuation), दिशा-निर्देश और तकनीकी मार्गदर्शन के अभाव में करोड़ों रुपये के कार्य रुके हुए हैं। 
एक एसडीओ के भरोसे पूरा विभाग, चपरासी तक को वेतन के लाले 
आरईएस विभाग साजा का ढांचा इस समय पूरी तरह चरमरा गया है। यह महत्वपूर्ण विभाग महज एक एसडीओ (SDO) के भरोसे चल रहा है। वहीं आरईएस विभाग साजा में 
# न कोई इंजीनियर 
# न कोई बाबू (क्लर्क) 
# न ही कोई डेटा एंट्री ऑपरेटर 
# और न ही नियमित चपरासी 
       कार्यालय का कामकाज संभालने के लिए रखे गए एकमात्र दैनिक वेतनभोगी (Daily Wager) चपरासी को भी बीते कई महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उसके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। 

एक जगह खाली, दूसरी जगह भरपूर - कैसी व्यवस्था ? 
बेमेतरा जिले में अधिकारियों के इस तरह के तबादलों और अटैचमेंट की कार्यशैली पर अब सवाल उठने लगे हैं। जहां नवागढ़ में पहले से इंजीनियर उपलब्ध हैं, वहां साजा के इकलौते इंजीनियर को भी अटैचमेंट में भेज दिया गया। "एक जगह बिल्कुल खाली और दूसरी जगह भरपूर" की इस व्यवस्था से जिला पंचायत सीईओ के प्रशासनिक प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

सरपंच, सचिव से लेकर आमजन परेशान 
आरईएस विभाग साजा में इंजीनियर न होने से साजा ब्लॉक के सरपंच, सचिव, ठेकेदार और आम ग्रामीण भारी मानसिक व आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। मूल्यांकन न होने से ठेकेदारों और पंचायतों के भुगतान अटके हैं, जिससे प्रगतिरत कार्य पूर्ण नहीं हो रहें हैं, साथ ही नए काम शुरू ही नहीं हो पा रहे हैं।
साजा ब्लाकवासियों की मांग 
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मांग की है कि साजा ब्लॉक की उपेक्षा बंद कर तत्काल पर्याप्त इंजीनियरों और प्रशासनिक अमले की पदस्थापना की जाए, ताकि ठप पड़े विकास कार्यों को गति मिल सके। 

         इस संबंध में जिला पंचायत बेमेतरा सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। जिससे उनका पक्ष नहीं मिल पाया। 

         जिलें के इंजीनियरो के रिक्त पदों की जानकारी राज्य सरकार को भेजकर मांग की गई हैं। आरईएस साजा में इंजीनियर की कमी को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था के लिए चर्चा किया जाएगा। ------ भूमिका देसाई, उप संचालक (पंचायत) बेमेतरा 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ