अभियान के माध्यम से देश के वीर जवानों के लिए राखी तैयार कराने का लक्ष्य
अभियान के पहल का उद्देश्य - देश के वीर जवानों, सैनिकों को पर्व पर छत्तीसगढ़ की (राखी, शुभकामना पत्र एवं उनके विजय तिलक) अनूठी सौगात
बेमेतरा 23 जुलाई 2026 - महिला एवं बाल विकास व समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े आदेशानुसार राज्यभर के सभी जिलों में ऑपरेशन "सिपाही रक्षा-सूत्र" अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के आदेशानुसार बेमेतरा जिले की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्व-सहायता समूहों, गैर-राजनीतिक व धार्मिक संगठनों तथा जनसमुदाय से देश के वीर जवानों के लिए रक्षा-सूत्र निर्माण हेतु भावुक अपील की गई है। यह अभियान पूर्व सैनिक महासभा (पूर्व सैनिक संगठन "सिपाही") द्वारा संचालित एक पूर्णतः निःस्वार्थ, गैर-राजनीतिक एवं राष्ट्रव्यापी देशभक्ति अभियान है। इसके तहत सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रदेश भर से राखी, शुभकामना पत्र एवं उनके विजय तिलक हेतु छत्तीसगढ़ की एक चुटकी पावन माटी संग्रहित कर भारतीय सेना मुख्यालय नई दिल्ली तक पहुँचाई जाएगी।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की प्रेरणा से महिला एवं बाल विकास विभाग बेमेतरा द्वारा जिले की समस्त आंगनबाड़ी बहनों, सहायिकाओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, धार्मिक संगठनों एवं समस्त बेमेतरावासियों से करबद्ध अपील की गई है कि वे स्वयं अपने हाथों से 'सिपाही रक्षा-सूत्र' तैयार करें। आपका यह छोटा सा प्रयास देश के प्रहरियों का मनोबल कई गुना बढ़ाएगा।
सिपाही रक्षा-सूत्र' पैकेट तैयार करने की प्रक्रिया
प्रत्येक नागरिक या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक छोटे लिफाफे में निम्नलिखित तीन सामग्रियां रखकर इसे तैयार कर सकते हैं -
मौली धागा/राखी : स्वनिर्मित या सुंदर मौली धागा/राखी।
सैनिकों हेतु पत्र : अपने हाथ से सैनिक भाई के नाम शुभकामना पत्र (अपना नाम, पता एवं मोबाइल नंबर अवश्य लिखें)।
पावन माटी (एक चुटकी) : सैनिकों के माथे पर विजय तिलक हेतु छत्तीसगढ़ की एक चुटकी पावन मिट्टी।
जमा करने का स्थान एवं अंतिम तिथि
तैयार किए गए रक्षा-सूत्र के लिफाफे दिनांक 31 जुलाई 2026 तक अपने क्षेत्र के निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र या बाल विकास परियोजना कार्यालय जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग कोबीया चौक बेमेतरा में जमा कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ