विश्व पर्यावरण दिवस पर कृषि महाविद्यालय साजा में वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
बेमेतरा 08 जून 2026 - विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र साजा में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता व्याख्यान तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रेरक भाषण प्रस्तुत किए गए।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एलके रामटेके के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं - डॉ. ओम कुमार नेताम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ओम कुमार नेताम ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। वे न केवल हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, भूमि एवं जल संरक्षण तथा जैव विविधता के संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
परिसर में हुआ वृक्षारोपण, संरक्षण का लिया संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान पौधों के महत्व, जैव विविधता संरक्षण और स्वच्छ एवं हरित वातावरण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
विद्यार्थियों ने रखे पर्यावरण संरक्षण पर विचार
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उनके वक्तव्यों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
जन-जन तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण दिवस का उद्देश्य केवल एक दिन कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में डॉ. निर्झरणी नंदेहा, डॉ. श्रुति वर्मा, डॉ. ज्योति बाला, वीडी शर्मा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।