जिलें का अंतिम 38 वां समाधान शिविर रेवे के साथ सुशासन तिहार 2026 का गरिमामय समापन
बेमेतरा 10 जून 2026 - छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार 2026 का समापन आज विकासखंड बेरला के ग्राम पंचायत रेवे में आयोजित विशाल जनसमस्या निवारण शिविर के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से प्रशासन को अवगत कराया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक दीपेश साहू ने नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित कर प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
सुशासन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा शासन का लाभ : विधायक दीपेश साहू
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए आम नागरिकों के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और विकास लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से शासन एवं प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है तथा समयबद्ध तरीके से उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित हो रहा है।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, श्रम एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। विधायक श्री साहू ने नागरिकों से शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया तथा कहा कि जनभागीदारी से ही विकास की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
38 शिविरों के सफल आयोजन के साथ हुआ सुशासन तिहार का समापन
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले में नागरिकों की समस्याओं के समाधान एवं शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में 15 तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 23, कुल 38 जनसमस्या निवारण शिविरों का सफल आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत रेवे में आयोजित अंतिम शिविर के साथ जिले में सुशासन तिहार का सफल एवं प्रभावी समापन हुआ।
इस अवसर पर रजककार कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती दीप्ति वर्मा, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, जिला पंचायत सभापति प्रीतम चंदेल, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राजेंद्र शर्मा, बलराम पटेल, सरपंच रघुवीर (पिंटू) सिन्हा, उपसरपंच केदार सिन्हा, दिलीप निषाद, अमृत महेश्वरी, डोमेन्द्र राजपूत, मनहरण साहू, मोहन साहू, थानेश्वर साहू, जगदीश कुर्रे, एन. प्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जनकल्याण, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें नागरिकों ने शासन की जनहितैषी पहल के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।