बेमेतरा पुलिस को मिली हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन, डीआईजी रामकृष्ण साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
अत्याधुनिक तकनीक और उपकरण से सुसज्जित नवीन स्वरूप में हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन जिला में हुआ तैनात
बेमेतरा 23 मई 2026 - केंद्र एवं राज्य सरकार की आधुनिक पुलिसिंग की पहल के तहत छत्तीसगढ़ प्रदेश के सभी जिलों को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। इसी क्रम में बेमेतरा जिले को भी करीब 65 लाख रुपये की लागत से तैयार आधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्रदान की गई है। यह वैन अपराध स्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रहण और प्रारंभिक जांच को तेज एवं सटीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बेमेतरा जिले में अपराध अनुसंधान को और अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने आज शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन को पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, वैज्ञानिक अधिकारी श्रीमती आकांक्षा सिंह, विशेष लोक अभियोजक अधिकारी अनिमेष मिश्रा, जिला लोक अभियोजक अधिकारी शिव गोपाल श्रीवास, जिला अभियोजन अधिकारी श्रीमती कविता राव, सहायक अभियोजन अधिकारी विनय अग्रवाल, श्रीमती मनीषा सिंह, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डीआईजी रामकृष्ण साहू ने कहा कि जिले में हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन की उपलब्धता से अपराध विवेचना में निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले गंभीर अपराधों में घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञ की उपस्थिति और वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रहण अनिवार्य किया गया है। इससे जांच अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और न्यायालय में प्रभावी होगी।
उन्होंने कहा कि अब साक्ष्य संग्रहण की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी, जिससे जांच की विश्वसनीयता और बढ़ेगी। फॉरेंसिक विश्लेषण के माध्यम से अपराधियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिलेगी तथा संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव ने बताया कि पहले फॉरेंसिक जांच के लिए साक्ष्यों को अन्य जिलों की प्रयोगशालाओं में भेजना पड़ता था, जिससे रिपोर्ट आने में विलंब होता था। अब प्रत्येक जिले में सीन ऑफ क्राइम यूनिट और हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन उपलब्ध होने से जांच प्रक्रिया तेज होगी तथा दोषसिद्धि दर बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
वैज्ञानिक अधिकारी आकांक्षा सिंह ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और किट्स की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक फॉरेंसिक जांच, साक्ष्य संरक्षण एवं वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सकेगा।
हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन में जीपीएस सिस्टम, फिंगरप्रिंट डिटेक्शन किट, नार्कोटिक्स परीक्षण उपकरण, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, फोटोग्राफी एवं डॉक्यूमेंटेशन सुविधा, बुलेट होल स्क्रीनिंग, बैलिस्टिक जांच, GSR परीक्षण किट तथा लाइव लोकेशन ट्रैकिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम का संचालन डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा ने किया तथा आभार प्रदर्शन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव ने किया।
इस अवसर पर एसडीओपी भूषण एक्का, डीएसपी श्रीमती शशीकला उईके, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, उप निरीक्षक अलील चंद, एमटीओ सहायक उप निरीक्षक माधव सिंह, विष्णु सप्रे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।