डीआईजी साहू ने जिले के अधिकारियों एवं प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए
आम जनता से मैत्रीपूर्ण व्यवहार कर शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए
अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
बेमेतरा 17 मई 2026 - पुलिस उप महा निरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा अपराध नियंत्रण हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करना था।
बैठक के दौरान डीआईजी रामकृष्ण साहू ने “सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त जन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि फरियाद लेकर आने वाले लोगों से मैत्रीपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका शीघ्र समाधान किया जाएगा, तो समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।
डीआईजी रामकृष्ण साहू ने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए “हमर पुलिस हमर बाजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान के माध्यम से हॉट-बाजारों एवं ग्रामों में जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समयबद्ध प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी को अनिवार्य करते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में अवैध शराब जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों तथा लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों के शीघ्र निराकरण एवं तामिली सुनिश्चित करने कहा गया। असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों एवं शराब पीकर हुड़दंग एवं मारपीट करने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर की अधिकतम कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी रामकृष्ण साहू ने विजिबल पुलिसिंग को बढ़ावा देने, रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग, कॉम्बिंग ऑपरेशन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं गोवंश तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइबर प्रहरी अभियान एवं त्रिनयन एप के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ “सशक्त एप” के माध्यम से वाहन चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्मार्ट एवं हाईटेक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण हेतु मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने तथा विजिबल पुलिसिंग एवं चेकिंग अभियान को सतत सक्रिय रखने के निर्देश दिए। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के त्वरित निराकरण हेतु “ऑपरेशन मुस्कान” चलाने तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के आदतन आरोपियों पर सतत निगरानी रखने कहा गया।
बैठक के अंत में डीआईजी रामकृष्ण साहू ने लंबित शिकायत जांच एवं वरिष्ठ कार्यालयों से वेब पोर्टल के माध्यम से प्राप्त ऑनलाइन शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, स्थापना/एसआरसी लिपिक सउनि (अ) महेन्द्र भुआर्य, जिले के थाना/चौकी प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, चंद्रदेव वर्मा, दुलेश्वर चंद्रवंशी, उप निरीक्षक राकेश साहू, द्वारिका प्रसाद देशलहरे, अलील चंद, योगेश अग्रवाल, सउनि कंवल सिंह नेताम सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।