विधायक दीपेश साहू एवं नगर अध्यक्ष विजय सिन्हा ने की एचपीवी टीकाकरण जागरूकता की अपील

“सुरक्षित भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अपनाएं - कैंसर से बचाव पाएं” 

कलेक्टर के निर्देश व सीएमएचओ के मार्गदर्शन पर बेमेतरा में एचपीवी टीकाकरण अभियान जारी  
बेमेतरा 14 मई 2026 - जिला चिकित्सालय बेमेतरा सहित जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उन सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में, जहां कोल्ड चैन प्वाईंट स्थापित हैं, एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।  
  इस अभियान का शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर तथा छत्तीसगढ़ में राज्य स्तर पर स्वास्थ्य मंत्री द्वारा किया गया। एचपीवी टीकाकरण महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी उपाय माना जाता है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका किशोरियों को भविष्य में होने वाले कैंसर के जोखिम से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 
  टीकाकरण के लिए वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14 वां जन्मदिन पूर्ण कर लिया हो, लेकिन 15 वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया हो। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड अथवा अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य किया जाएगा। टीकाकरण से पूर्व माता-पिता अथवा अभिभावक से सहमति पत्र भरवाकर निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है तथा विश्वभर में करोड़ों लोगों को यह टीका लगाया जा चुका है। 
  बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने विधानसभा क्षेत्र के समस्त नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण को प्राथमिकता दें तथा निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को समय पर टीका अवश्य लगवाएं। 
   उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह टीका भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के जोखिम को कम करने में प्रभावी माना गया है।  
    विधायक श्री साहू ने अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न देने तथा स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार टीकाकरण कराने की अपील की।
     उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से भी अधिक से अधिक लोगों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया, ताकि समाज को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाया जा सके। 
       नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने भी शहरी क्षेत्र के नागरिकों से अनुरोध करते हुए कहा कि वे जिला चिकित्सालय में आयोजित टीकाकरण सत्र में अपनी 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी पुत्रियों एवं बालिकाओं को एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।  
    विधायक दीपेश साहू ने कहा कि “स्वस्थ बेटियां ही सुरक्षित और समृद्ध समाज की आधारशिला हैं।” उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा “आइए, एचपीवी टीकाकरण अपनाकर आने वाली पीढ़ी को गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाएं।”