किसानों के साथ अत्याचार कर रही है भाजपा सरकार - जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा

खाद व उर्वरक की कमी कर धान उत्पादन घटाने का सरकार कर रही षडयंत्र 
बेमेतरा 08 मई 2026 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने राज्य की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि किसान विरोधी भाजपा सरकार अब छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ अत्याचार करने पर तुल गई है। भाजपा सरकार द्वारा पूर्व में सुनियोजित तरीके से धान खरीदना ना पड़े, इसके लिए तरह-तरह के रोडे अटकाए गए। फिर भी काम नहीं चला तो अब सरकार धान का उत्पादन ही ना हो सके, इसलिए एक नया फरमान लेकर आई है। 
     सहकारी समिति के माध्यम से कृषकों को प्रति एकड़ एक बोरी यूरिया यह प्रदान करने तथा उर्वरक विक्रय हेतु पीओएस मशीन के अनिवार्यता लागू करने तथा कृषक द्वारा एक माह में प्राप्त की जाने वाली अधिकतम मात्रा के संबंध में भी जो प्रावधान किया है, वह किसानों के ऊपर कुठाराघात है। 
      भाजपा सरकार आज अपनी जिम्मेदारियां से बचना चाहती है और इसके लिए वह तरह-तरह के षड्यंत्र कर रही है। अगर किसानों को उर्वरक और यूरिया की पहुंच ही नहीं हो पाएगी, तो निश्चित रूप से इसका प्रभाव खेतों में पैदा होने वाली उपज पर पड़ेगा, उत्पादन गिरेगा और यह सरकार यही चाहती है कि किसानों का उत्पादन गिरे जिससे भाजपा सरकार को धान ना खरीदना पड़े और यह सरकार किसानों को देने वाले पैसों का उपयोग अपने खजाना भरने में कर सके। 
     कांग्रेस शुरू से कहती रही है कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है, यह अमीर और पूंजीपतियों की सरकार है, जिसे किसानों के सुख-दुख से कोई लेना-देना नहीं है।
        जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री छाबड़ा ने कहा कि शासन द्वारा जारी किए गए इस आदेश का पुरजोर विरोध किया जाएगा। सरकार को कांग्रेस पार्टी किसानों की आवाज बनकर सरकार को विवश करेगी की वह अपने इस तुगलकी की फरमान को वापस ले, आवश्यकता पड़ेगी तो कांग्रेस इसके लिए सड़क की लड़ाई लड़ने को भी तैयार है।