20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

जनऔषधि केंद्र रहेंगे खुले, आपातकालीन सेवाओं हेतु हेल्पलाइन जारी 

निजी दवा विक्रेता अपोलो फार्मेसी एवं श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स इस बंद में शामिल नहीं 
बेमेतरा 19 मई 2026 - राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। संगठन के अंतर्गत देशभर के लगभग 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक शामिल हैं। यह बंद ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में किया जा रहा है। 
   इसी क्रम में जिला बेमेतरा के केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट संघ द्वारा भी बंद की अग्रिम सूचना का ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा गया है। संभावित स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला बेमेतरा ने जिलेवासियों से सतर्कता एवं आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने की अपील की है। 
    स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक तत्काल जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अथवा नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें। बंद के दौरान आमजनों को दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जिला चिकित्सालय एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्रों को 24 घंटे खुले रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। 
     विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले के कुछ निजी दवा विक्रेता जैसे अपोलो फार्मेसी एवं श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स इस बंद में शामिल नहीं हैं। आपातकालीन परिस्थिति में नागरिक इन विक्रेताओं से भी दवाइयां प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा आपातकालीन स्थिति में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के टोल फ्री नंबर 9340597097 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं दवाइयों की उपलब्धता संबंधी सहायता हेतु जिला दवा विक्रेता संघ बेमेतरा के अध्यक्ष दिनेश दुबे (9425523689), सचिव नवीन अग्रवाल (9425513336) तथा कोषाध्यक्ष शरद शर्मा (9893024031) से भी संपर्क किया जा सकता है। 
       स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिला दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद का समर्थन करने की अपील की गई है। साथ ही जनहित को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन एवं जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति जारी रखने का आग्रह किया गया है। 
    विभाग ने बंद के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी नहीं फैलाने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील भी की है।