बेमेतरा जिलें में 01 जनपद सदस्य, 02 सरपंच एवं 21 पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी

उप निर्वाचन 2026 : प्रेक्षक ने जनपद पंचायत बेरला के कार्यों का अवलोकन कर दिए निर्देश 
बेमेतरा 19 मई 2026 - त्रिस्तरीय पंचायत अंतर्गत जिले में रिक्त 01 जनपद पंचायत सदस्य, 02 सरपंच एवं 21 पंच पदों के उप निर्वाचन के संचालन एवं प्रेक्षण कार्य हेतु छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर द्वारा अरविंद कुमार पाण्डेय अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी रायपुर विकास प्राधिकरण को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक श्री पाण्डेय द्वारा गत दिवस जनपद पंचायत बेरला में संचालित निर्वाचन प्रक्रिया का अवलोकन किया गया तथा आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निर्वाचन संपन्न कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। इस दौरान राजस्व अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बेरला एवं रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे। 
      जिले के सभी खंड मुख्यालयों में आज 19 मई 2026 को रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार साजा में पंच के 02 पदों के लिए 03 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। वहीं बेमेतरा में पंच के 12 पदों के लिए 15 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं। विकासखंड बेरला में जनपद पंचायत सदस्य के 01 पद हेतु 06 तथा पंच के 05 पदों के लिए 07 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। 
    वहीं जिले के बोटलडीह में रिक्त सरपंच पद के लिए अब तक कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ है।आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 मई 2026 को अपराह्न 03 बजे निर्धारित की गई है।