माता भद्रकाली एवं संडी स्थित सिद्धमाता मंदिर पहुंचकर जिले की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की
दर्शनार्थियों से मिलकर कुशलक्षेम पूछा, मंदिर समिति के सदस्यों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की समीक्षा
सप्तमी एवं अष्टमी के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंधन के दिए निर्देश
बेमेतरा 19 मार्च 2026 - पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) द्वारा चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान वे माता भद्रकाली एवं ग्राम संडी स्थित सिद्धमाता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने जिलेवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
दर्शनार्थियों व समित सदस्यों से मुलाकात कर जाना कुशलक्षेम
डीआईजी ने मंदिर में उपस्थित दर्शनार्थियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने समिति को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सभी आवश्यक पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सप्तमी एवं अष्टमी पर सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी के लिए दिए निर्देश
विशेष रूप से सप्तमी एवं अष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
थाना एवं चौकी प्रभारियों को चैत्र नवरात्रि पर्व के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख स्थलों का समय-समय पर भ्रमण कर सतत निगरानी रखने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, सिद्धमाता मंदिर समिति के प्रतिनिधि एवं सदस्यगण रंजित सिंह राजपूत, चंद्रशेखर शर्मा, मोहित साहू, इंदल पटेल, गजानंद ठाकुर, छगन साहू, जोहन निषाद, भोला साहू, मुकेश साहू सहित अन्य सदस्य एवं जनमानस उपस्थित रहे।