ट्रस्टी श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने गोमची आश्रम में बुजुर्गों, ट्रस्टी एवं स्टाफ संग होली खेलकर दी शुभकामनाएं

माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम गोमची में धूमधाम और पारिवारिक माहौल में मनाई गई होली 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 06 मार्च 2026 - नंदनवन के समीप ग्राम गोमची स्थित माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम में इस वर्ष होली का पर्व बड़े ही उत्साह, प्रेम और पारिवारिक वातावरण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम की ट्रस्टी श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने आश्रम के बुजुर्गों तथा पूरे स्टाफ के साथ मिलकर होली का आनंद लिया। होली के इस पावन अवसर पर आश्रम में बुजुर्गों, ट्रस्टी एवं स्टाफ ने एक-दूसरे को गुलाल और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। पूरे आश्रम परिसर में हँसी, खुशी और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस पर्व में भाग लिया और रंगों के इस त्योहार को बड़े ही आनंद और उमंग के साथ मनाया। 
      कार्यक्रम के दौरान सभी ने मिलकर एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाईं और होली के गीतों के बीच खुशियों के पल साझा किए। आश्रम का वातावरण पूरी तरह रंगों, मुस्कान और अपनापन से सराबोर दिखाई दिया। इस अवसर पर बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था, जो इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता रही। 
  इस अवसर पर ट्रस्टी श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि माँ गोदावरी आनंदवन केवल एक आश्रम नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहाँ रहने वाले सभी बुजुर्ग हमारे परिवार के सदस्य हैं और हमारा प्रयास रहता है कि हर त्योहार उन्हें उसी खुशी और अपनापन के साथ महसूस हो, जैसा अपने घर-परिवार में होता है उन्होंने कहा कि आश्रम में बुजुर्गों के लिए न केवल रहने और भोजन की व्यवस्था है, बल्कि उनके मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक सुख का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। समय-समय पर विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे बुजुर्ग सक्रिय और प्रसन्न बने रहें। 
      होली के इस उत्सव ने यह संदेश दिया कि जब प्रेम, सम्मान और अपनापन साथ हो, तो कोई भी स्थान परिवार से कम नहीं होता। माँ गोदावरी आनंदवन में भी इसी भावना के साथ बुजुर्गों के जीवन को खुशहाल और सम्मानजनक बनाने का प्रयास निरंतर किया जा रहा है। 
         जिसमें डॉ सीपी सेन, संगीता, लक्ष्मी नारायण, अनिल कांगो, जगदीश अग्रवाल, महेश बोवनी, सकल देव, सुनील तिवारी, तुकाराम, मोहन नायर, मोहनलाल, ओमप्रकाश सोनी, प्रकाशचंद जैन, शांति लाल जैन, संजय, पिपलेश्वर, मुनेश सहित सैकड़ों बुजुर्ग उपस्थित रहे।