कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा, NCORD, ध्वनि प्रदूषण एवं नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय बैठक सम्पन्न

समन्वय बैठक में नशा उन्मूलन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण पर प्रशासन सख्त 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 13 जनवरी 2026 - कलेक्टोरेट स्थित दिशा सभाकक्ष में आज जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति, नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD), ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण तथा नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने की। बैठक में पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा, नशा उन्मूलन और ध्वनि प्रदूषण जैसे विषय सीधे आम नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़े हैं, इसलिए इन पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

नशा उन्मूलन को लेकर प्रशासन और पुलिस का संयुक्त अभियान 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने बैठक में नशे के बढ़ते खतरे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशीले पदार्थ युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा मादक पदार्थों की जब्ती भी की गई है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का आग्रह किया। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को विभिन्न प्रचार माध्यमों के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के लिए चलाए जा रहे पुनर्वास कार्यक्रमों की जानकारी भी बैठक में साझा की गई। 

सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के निर्देश 
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों एवं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही जन जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रवर्तन के साथ-साथ जागरूकता भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं बेरला क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है। इन क्षेत्रों में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, संकेतक एवं अन्य सुरक्षा उपाय लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि खराब संकेतकों और लाइटों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके। 
       कलेक्टर ने बताया कि कलेक्ट्रेट के सामने सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पीड लिमिट बोर्ड, डिवाइडर एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए एनएच विभाग से पत्राचार किया गया है। 

ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कड़े निर्देश 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण न केवल कानों के लिए हानिकारक है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य एवं हृदय संबंधी बीमारियों का भी कारण बनता है। उन्होंने उच्चतम न्यायालय एवं छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, कानफोड़ू डीजे एवं धुमाल पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में निर्धारित ध्वनि सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। 
    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी एसडीओपी, थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की रियायत न बरती जाए। नगर पालिका द्वारा शहर में ध्वनि स्तर की नियमित निगरानी तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जन जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी गई। 

सामूहिक प्रयास की अपील 
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों से अपील की कि नशा उन्मूलन, सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए संगठित एवं सतत प्रयास किए जाएं, ताकि जिले में सुरक्षित, स्वस्थ और शांत वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। 
        बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, डीएसपी श्रीमती शशीकला उईके व यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पिंकी मनहर सहित आरटीओ, नगर निकाय, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।