हरदी (बेरला) मड़ई मेले में दिखा छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने पंथी दल को भेंट की 'छत्तीसगढ़ महतारी' की छायाचित्र
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 01 जनवरी 2026 - बेमेतरा जिलें के बेरला ब्लाक के ग्राम पंचायत हरदी में 31 दिसंबर को आयोजित वार्षिक मेला मड़ई के अवसर पर सांस्कृतिक उल्लास का माहौल रहा। मेले की रौनक के बीच जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा छत्तीसगढ़ी कला और परंपरा को सहेजने वाले स्थानीय पंथी दल के कलाकारों का भव्य सम्मान किया गया। साथ ही पार्टी के पदाधिकारियों ने वहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम धरोहर के कलाकारों को 'छत्तीसगढ़ महतारी' का फोटो फ्रेम भेंट कर उनका मान बढ़ाया।
सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण
इस अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के बेरला ब्लॉक अध्यक्ष धनंजय निषाद ने कहा मड़ई व मेला हमारी सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा "पंथी नृत्य के माध्यम से बाबा गुरु घासीदास के संदेशों को जीवित रखने वाले इन कलाकारों का सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात है। छत्तीसगढ़ महतारी की यह भेंट हमारी माटी के प्रति अटूट प्रेम को दर्शाती है।"
दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
मड़ई के इस पावन पर्व पर गाँव के वरिष्ठ नेताओं और युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सरपंच सुनील देशलहरे, पूर्व सरपंच संत कुमार जांगड़े, जोहार पार्टी पदाधिकारी धनंजय निषाद, गजेंद्र निषाद, पुरेंद्र साहू, आशीष वर्मा, खिलेन परघनीहा, सोहन, अमित सोनवानी, हरी सोनवानी सहित अन्य लोगों के साथ ग्रामवासी जन उपस्थित रहें।
ग्रामवासियों में हर्ष की लहर
मेले के दौरान आयोजित इस सम्मान समारोह में समस्त ग्रामवासी हरदी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की इस पहल की सराहना की और कहा कि अपनी संस्कृति और कलाकारों को प्रोत्साहित करने से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम का समापन 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़ महतारी की जय' के नारों के साथ उत्साहपूर्वक किया गया।