प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 02 दिसम्बर 2025 - राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर द्वारा संचालित "स्टेट प्लान ऑफ एक्शन कैलेंडर 2025" के अनुसार विश्व एड्स दिवस के अवसर पर अध्यक्ष/प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती सरोज नंद दास के मार्गदर्शन में व श्रीमती अनिता कोशिमा रावटे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के निर्देशन में विश्व एड्स दिवस पखवाड़ा 1 दिसम्बर 2025 से 15 दिसम्बर 2025 तक चलाया जा रहा है, जिसके संबंध में जिला चिकित्सालय बेमेतरा, मणीकंचन केन्द्र बेमेतरा, उप स्वास्थ्य केन्द्र कंतेली एवं तालुका स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र साजा जिला बेमेतरा में विश्व एड्स दिवस पर विधिक जागरूक्ता शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त शिविर में उपस्थित लोगों को बताया कि एड्स एक लाईलाज बीमारी है, जो असुरिक्षत यौन संबंध बनाने, एचआईवी से संक्रमित व्यक्ति की इंजेक्शन को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा करने से, गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान के दौरान अगर कोई महिला एच.आई.वी. से संक्रमित है, तो वह अपने बच्चें को भी संकमित कर सकती है एवं संक्रमित व्यक्ति के द्वारा रक्त का आदान-प्रदान करने से भी एड्स हो सकता है। एड्स से संक्रमित व्यक्ति के इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है, जिससे शुरूआत के लक्षण सर्दी-जुकाम, खांसी प्रारंभ होता है, जो हमेशा बना रहता है और वजन कम होने लगता है। साथ ही एड्स से ग्रसित व्यक्ति में रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कम हो जाती है।
एड्स से बचाव के उपाय बताते हुए यह भी कहा कि यह एक वायरस है, जो पानी एवं हवा से नहीं फैलता है साथ ही एच.आई.वी. पीड़ित महिला भी एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दे सकती है। एड्स पीड़ित व्यक्ति को समाज में सम्मान के साथ जीने का हक है, उसके साथ संवेदना पूर्ण व्यवहार करना चाहिए इसे छुआछूत की भावना से नहीं देखने का भी संदेश दिया गया साथ ही अगर किसी एड्स जैसे गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का मानव दुर्व्यवहार या अपराध किया जाता है तो वह विधिक सेवा प्राधिरकण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।
उक्त कार्यक्रम में जिला हॉस्पिटल बेमेतरा के डॉ. बीएल राज जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. लोकेश साहू सिविल सर्जन, डॉ. चंद्रप्रकाश नोडल अधिकारी, पुरानिक नायक काउंसलर, दीपांजली डेनियल नर्स स्टाफ सहित हास्पिटल के कर्मचारीगण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र उपस्थित रहे।