जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने गुधेली सोसाइटी का निरीक्षण कर देखी व्यवस्था
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 10 दिसंबर 2025 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने धान खरीदी में किये जा रहे भुगतान पर सवाल उठाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार ने चुनावी वर्ष में घोषणा किया था कि धान की खरीदी 3100 प्रति क्विंटल की दर से नगद राशि एक बार में ही भुगतान की जाएगी, किंतु आज धान खरीदी में जो भुगतान किया जा रहा है वह मात्र न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर ही किया जा रहा है और उसकी भी भुगतान की समय सीमा तय नहीं है। किसानों को 15 से 20 दिनों के बाद भी धान के पैसे उनके खातों में नहीं आ रहे हैं। सरकार की ओर से अब तक 31 सौ रुपए क्विंटल धान खरीदी को लेकर किसी प्रकार का कोई वक्तव्य नहीं दिया गया है और जिस प्रकार धान खरीदी में हील हवाला किया जा रहा है और सुनियोजित तरीके से जिस प्रकार रोडे अटकाए जा रहे हैं, उससे जाहिर है कि सरकार 3100 रुपए क्विंटल में धान नहीं खरीदना चाहती।
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने गुधेली सोसाइटी का निरीक्षण करते हुए यह बात कही। पूर्व विधायक के पहुंचने पर सोसाइटी में उपस्थित किसानों ने इस वर्ष हो रही धान बेचने को लेकर अपनी समस्याओं से पूर्व विधायक को अवगत कराया। साथ ही साथ किसानों ने बताया कि धान के तौल में अलग-अलग नाप किया जा रहा है। किसानों को प्रति क्विंटल 500 ग्राम से लेकर 1 किलोग्राम तक का चूना सोसाइटियों द्वारा लगाया जा रहा है। सोसाइटी में अवस्था फैली हुई है, टोकन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, टोकन मिल नहीं रहा है, ऑनलाइन व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। शासन द्वारा प्रतिदिन खरीदने की जो लिमिट तय की गई है, वह बहुत ही कम है, जिसके कारण किसानों को लंबी लाइन का इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों के धान सुख रहे हैं, जिसके कारण वजन में कमी आ रही है। लगभग माह भर से ऊपर हो चले हैं किसानों के धान खेतों से कटकर बाड़ी में पड़े हुए हैं, किंतु टोकन नहीं मिलने के कारण बेचने के इंतजार में धान सुख रहे हैं। इस अवसर पर रवि परगनिहा, विवेक सिंह राजपूत, आशीष परगनिहा, राधे ध्रुव, कमल साहु, कुशाल नायक, रामस्वरूप नायक, तुलसी नायक सहित किसान उपस्थित रहे।