रैंप योजना अंतर्गत ई-मार्केटप्लेस एवं डिजिटल मार्केटिंग पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

रैंप योजना अंतर्गत ई-मार्केटप्लेस एवं डिजिटल मार्केटिंग पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न 

कलेक्टर की अध्यक्षता में उद्यमियों व महिलाओं को मिला आधुनिक व्यापार कौशल का प्रशिक्षण 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 22 नवंबर 2025 - जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बेमेतरा द्वारा रैंप (राइजिंग एंड एक्सेलेरेटिंग एमएसएमई परफॉरमेंस) योजना के अंतर्गत ई-मार्केट प्लेस एवं डिजिटल मार्केटिंग विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन संयुक्त कलेक्टर कार्यालय के दिशा सभाकक्ष में किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति में जिले के स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ, स्थानीय उद्यमी, स्टार्ट-अप से जुड़े युवा तथा विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं के सदस्य सम्मिलित हुए। उपस्थित प्रतिभागियों को रैंप टीम के विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन व्यापार, डिजिटल मार्केटिंग टूल्स, प्रोडक्ट लिस्टिंग, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म में रजिस्ट्रेशन, कंटेंट प्रबंधन तथा ऑनलाइन बिक्री बढ़ाने की रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। 
     कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को यह भी समझाया कि आज के प्रतिस्पर्धी बाजार में डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही उपयोग कैसे उनके उत्पादों की पहुंच को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक विस्तारित कर सकता है। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने डिजिटल माध्यमों से व्यापार बढ़ाने में विशेष रुचि दिखाई और इसे अपने समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यशाला को अधिक प्रभावी बनाने के लिए रैंप टीम ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन, ऑनलाइन मार्केटप्लेस अकाउंट सेटअप तथा उत्पादों की डिजिटल ब्रांडिंग जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। 
     प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आधुनिक व्यापार प्रणाली को समझने और अपनाने में अत्यंत लाभकारी हैं। 
      समापन सत्र में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मार्केटिंग और ई-मार्केटप्लेस उद्यम विकास के अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया कि वे आधुनिक तकनीक का उपयोग करके अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएँ। 
    कलेक्टर ने बताया कि रैंप योजना का उद्देश्य एमएसएमई एवं छोटे उद्यमों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना, विपणन के नए अवसरों से जोड़ना और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुँचाना है।  
   अंत में उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से यह आश्वासन दिया कि उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि बेमेतरा जिले के उद्यमी आत्मनिर्भर बनते हुए मजबूत आर्थिक योगदान दे सकें।