सरपंच संघ बेरला ने 15 वें वित्त की राशि जारी करने की मांग को लेकर विधायक दीपेश साहू को सौंपा ज्ञापन

सरपंच संघ बेरला ने 15 वें वित्त की राशि जारी करने की मांग को लेकर विधायक दीपेश साहू को सौंपा ज्ञापन 

दिसंबर तक का दिया अल्टीमेटम, नहीं होने पर 1 जनवरी को पंचायतों में तालाबंदी 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 24 नवंबर 2025 - जिलें के जनपद पंचायत बेरला के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों की मांग को सरपंच संघ बेरला अध्यक्ष रघुवीर पिंटू सिन्हा, सचिव लोकेश साहू, कोषाध्यक्ष दिलीप निषाद द्वारा आज सामूहिक रूप से विधायक बेमेतरा दीपेश साहू को ज्ञापन सौंपकर फरवरी 2025 से लंबित पड़े 15 वें वित्त आयोग की राशि तत्काल जारी कराने की मांग की है। 
       ज्ञापन सौंपकर सरपंच संघ बेरला अध्यक्ष रघुवीर (पिंटू) सिन्हा, सचिव लोकेश साहू, कोषाध्यक्ष दिलीप निषाद सहित सभी पदाधिकारियों ने बताया कि नवनिर्वाचित सरपंचों द्वारा ग्राम पंचायतों में बिजली, पानी, स्वच्छता, पेयजल, मोटर मरम्मत, स्टेशनरी, दस्तावेज तैयार करने तथा अन्य मूलभूत कार्य लगातार किए जा रहे हैं, किंतु 8 महीने बीत जाने के बावजूद 15 वें वित्त की राशि ग्राम पंचायतों को प्राप्त नहीं हुई है। 
   सरपंचों ने बताया कि राशि न आने से सामग्री प्रदाताओं एवं दुकानदारों का भुगतान लंबित है, जिसके कारण पंचायत कार्य प्रभावित हो रहे हैं एवं अक्सर सरपंचों को अपमानजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। 
      सरपंच संघ बेरला ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि 15 वें वित्त की राशि 15 दिसंबर 2025 तक प्राप्त नहीं होती, तो 01 जनवरी 2026 को सभी ग्राम पंचायत कार्यालयों में ताला लगाकर उसकी चाबी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बेरला को सौंप दी जाएगी तथा पंचायतों के सभी कार्य अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए जाएंगे। सरपंच संघ ने विधायक से इस विषय पर तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान कराने का आग्रह किया। 
     जिस पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि जनपद पंचायत बेरला के सभी सरपंच साथियों द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र मैंने प्राप्त किया है। ग्राम पंचायतों की मूलभूत व्यवस्था बिजली, पानी, स्वच्छता, पेयजल, मोटर मरम्मत, सामग्री क्रय एवं अन्य विकास कार्यों के लिए 15 वें वित्त की राशि अत्यंत आवश्यक है। यह राशि लंबे समय से लंबित है, जिससे पंचायतों की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। मैं स्वयं इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लेकर जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल चर्चा करूँगा, ताकि शीघ्रातिशीघ्र 15 वें वित्त की राशि जारी हो सके और ग्राम पंचायतों का नियमित कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। 
   ग्राम पंचायतें हमारे ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। सरपंच साथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह मेरी प्राथमिकता है। शासन-प्रशासन से समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा।"