जिले में संचालित विभिन्न जन जागरूकता अभियानों में मीडिया बंधुओं की रही भूमिका महत्वपूर्ण - एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू

जिले में संचालित विभिन्न जन जागरूकता अभियानों में मीडिया बंधुओं की रही भूमिका महत्वपूर्ण - एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू 

रक्षित केन्द्र बेमेतरा में जिले के मीडिया बंधुओं के साथ पुलिस विभाग का दीपावली मिलन समारोह 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 18 अक्टूबर 2025 - रक्षित केंद्र बेमेतरा (पुलिस लाइन) स्थित ऑफिसर्स मेस परिसर में दीपावली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह, उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार झा तथा डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच समन्वय, सहयोग एवं सौहार्द को सुदृढ़ करना रहा। 
         कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) द्वारा दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए की गई। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पर्व समाज में आपसी भाईचारे, विश्वास और सौहार्द की भावना को प्रबल करते हैं। 
  एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के लिए “हमर पुलिस हमर बजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” जैसे अभियान के माध्यम से जिलेभर में बाल सुरक्षा पर आधारित “अभिव्यक्ति” अभियान, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, साइबर अपराध जागरूकता तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। हाट-बाजारों, गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों एवं आवासीय कॉलोनियों में चलित थाना एवं जागरूकता रथ के माध्यम से आमजन, छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। ऐसे जागरूकता अभियान बेमेतरा पुलिस द्वारा निरंतर जारी रहेंगे। 
           कार्यक्रम के अंत में एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने उपस्थित सभी इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रेस मीडिया बंधुओं तथा अधिकारी/कर्मचारियों सहित जिलेवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं समाज का आईना, जो सकारात्मक समाचारों के माध्यम से जनमानस तक सही संदेश पहुंचाने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग हेतु सभी मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया। 
    कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया बंधुओं ने बेमेतरा पुलिस द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, जिससे पुलिस और मीडिया के बीच पारस्परिक सहयोग एवं संवाद और मजबूत हो। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जन-जागरूकता हेतु मीडिया के माध्यम से सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया। आयोजन पूर्णतः सुव्यवस्थित, आत्मीय और उत्साहपूर्ण रहा। 
     इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह, उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार झा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, श्रमजीवी पत्रकार संघ, सिटी प्रेस क्लब, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कल्याण संघ के पत्रकार बंधु एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।