मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग ने किया कॉम्बेक्ट टीम गठित - सीएमएचओ डॉ अमृत लाल रोहडेलकर

मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग ने किया कॉम्बेक्ट टीम गठित - सीएमएचओ डॉ अमृत लाल रोहडेलकर 

आमजन को विशेष सतर्कता बरतने दिया गया सलाह 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 12 जुलाई 2025 - स्वास्थ्य विभाग बेमेतरा सीएमएचओ डॉ अमृत लाल रोहडेलकर ने जानकारी देते हुए कहा कि बरसात का मौसम प्रारम्भ होते ही मौसमी बीमारियों एवं महामारी का खतरा बढ़ जाता है। इस खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देश पर जिले में व्यापक तैयारी की गई है। इसके तहत जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में काम्बेक्ट टीम का गठन किया गया है। इन टीमों के दल प्रभारी संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं। 
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री रोहडेलकर ने आमजन से अपील करते हुए मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने बताया कि इन बीमारियो से बचाव के लिए असुरक्षित जलस्त्रोत कुआ, ढोढ़ी, तालाब, नदी, नाला आदि का पानी पीने से बचें, पीने के पानी को हमेशा उबालकर ही उपयोग करें। जल स्त्रोतों का नियमित रूप से शुद्धीकरण कराएं, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग अवश्य करें और जमीन पर न सोये, बासी खाना, सड़े गले भोज्य पदार्थों का सेवन ना करें, खेतों पर काम पर जाते समय घर से स्वच्छ पानी लेकर जायें, अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और बाहर का खाना खाने से परहेज करें। इसके साथ ही सीएमएचओ ने लोगों से अपील की है यदि कोई भी ग्राम, पारा या मोहल्ला में किसी भी प्रकार की बीमारी फैलने के लक्षण दिखें तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में दें, जिससे समय रहते बीमारीयों को रोका जा सके।

बीमारियों से निपटने स्वास्थ्य अमला की पूरी है तैयारी - जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक बसोड़ ने बताया कि महामारी की परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्व वर्षों में अनुभवों के आधार पर महामारी संभावित ग्रामों एवं पहुंचविहीन ग्रामों की पहचान कर स्वास्थ्य कार्यकताओं को जानकारी रख कर वहां पूर्व से स्वास्थ्य सेवा दुरुस्त करना सुनिश्चित करने कहा गया है। बीमारियों से बचाव हेतु विशेष पिछड़ी जनजाति बसाहटों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिये गये है। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जल जनित बीमारियों के रोकथाम हेतु कुंआ, हैण्डपम्प, नलजल एवं ढोढ़ी की पहचान कर, इन जलस्त्रोतों की नियमित जलशुद्धीकरण करने हेतु निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की बीमारियों के बढ़ने से रोकने के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में पर्याप्त दवाइयों का भण्डारण सुनिश्चित करने एवं जिले के सभी मितानिनों और सभी डिपोहोल्डर के पास भी पर्याप्त दवाइयों का भण्डारण करने के निर्देश दिए गए हैं।