प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 06 जून 2025 शुक्रवार - रक्षित केन्द्र बेमेतरा में जनरल परेड उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर एक पेड माँ के नाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने रक्षित केन्द्र बेमेतरा परिसर में स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में फुल, फल एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई।
एसएसपी श्री साहू ने बताया गया कि वृक्षों से मानव को अनेक लाभ है। पर्यावरण के संरक्षण के लिए आज के समय में पौधारोपण आवश्यक हो गया है। सूर्य के प्रकाश में वृक्ष ऑक्सीजन का उत्सर्जन तथा कार्बन डाइऑक्साइड शोषित करते हैं, जिसके फलस्वरूप वातावरण में इसका संतुलन बना रहता है, इससे वातावरण की शुद्धि होती है, वृक्षों से तापमान का नियंत्रण होता है। वृक्ष हमें ऋतु के अनुकुल स्वास्थ्यप्रद फल प्रदान करते है, जिनसे हमें आवश्यक विटामिन प्राप्त होते हैं। वृक्ष की पत्तियों से हमें शेष खाद भी मिलता है, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है तथा वृक्षारोपण का कार्य पुण्यकार्यो में सबसे श्रेष्ठ कार्य पौधारोपण ही है।
प्रकृति संरक्षण की पहल - एसएसपी श्री साहू ने पौधारोपण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पौधारोपण न केवल पर्यावरण की रक्षा करता है, बल्कि यह हमारे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और स्वच्छता का संदेश भी देता है। उन्होंने बताया कि यह प्रकृति संरक्षण का सबसे श्रेष्ठ कार्य है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ वातावरण तैयार करने में सहायक होगा। इस अवसर पर निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, निरीक्षक प्रमोद शर्मा, थाना प्रभारी बेरला निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, महिला सेल/अजाक थाना प्रभारी संतोषी ग्रेस, थाना प्रभारी परपोडी उप निरीक्षक डीएल सोना, चौकी प्रभारी कंडरका उप निरीक्षक राजकुमार साहू, सउनि मोहनलाल साहू, बनवाली राम सोनकर, छन्नूलाल ध्रुव, गौकरण वर्मा सहित रक्षित केन्द्र, पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्टाफ, विभिन्न शाख एवं थाना/चौकी के प्रभारी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसएसपी का संदेश - एसएसपी श्री साहू ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को संदेश दिया कि वे अपने-अपने परिसर को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखें। उन्होंने फुल, फल एवं छायादार तथा सजावटी पौधों और फूलों का उपयोग कर अच्छे वातावरण का निर्माण करने पर जोर दिया। इससे न केवल परिसर में आने वाले फरियादी स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण का अनुभव करेंगे, बल्कि यह मानसिक तनाव को भी कम करने में मददगार होगा। सजावटी पौधे पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ-साथ जलवायु को नियंत्रित करते हैं और किसी भी स्थान को आकर्षक बनाते हैं।
एसएसपी श्री साहू ने यह भी बताया कि पौधों का रोपण स्वच्छता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण साधन है। सजावटी पौधों का न केवल सौंदर्य में योगदान होता है, बल्कि यह वातावरण को साफ-सुथरा रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। पौधे हवा को शुद्ध करते हैं और मानसिक शांति लाते हैं, जो किसी भी कार्यस्थल को अधिक उत्पादक और सकारात्मक बना सकते हैं।
एसएसपी श्री साहू ने बेमेतरा जिले के सभी थानों और चौकियों एवं पुलिस कालोनी आवासीय परिसर के खाली उपयुक्त जगहों पर फुल, फल एवं छायादार पौधों का रोपण करने का निर्देश दिया, ताकि पुलिस स्टेशनों के परिसर भी स्वच्छ और सुंदर बने रहें, जिससे वहाँ आने वाले लोगों के मन में सकारात्मक विचार उत्पन्न हों।